नाई की मंडी में शुक्रवार रात करीब दस बजे कुछ मुस्लिमों ने गोकशी का विरोध कर अनूठी मिसाल पेश की। इसके लिए उन्हें गोकशों के जानलेवा हमले का भी सामना करना पड़ा। गोकशों ने उन पर चाकू से वार किए।
साथ ही पथराव और फायरिंग भी की। इससे तीन लोग घायल हो गए। दुस्साहसी हमलावरों ने पुलिस के सामने भी दो फायर किए। फिर तमंचे लहराते भाग निकले। पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है।
नाई की मंडी में मोहल्ला तोपखाना में नाले के पास गोकशों ने कट्टीखाना बना रखा है। पास ही के मोहल्ले गालिबपुरा में उनके घर हैं।
आरोप है कि रात दस बजे रिजवान और सलीम पड्डा समेत आठ-दस लोग गाय लेकर कट्टीखाना पहुंचे ही थे कि गालिबपुरा निवासी कादिर, जाकिर और नसीम ने उनका विरोध किया। कादिर उनसे गाय छीनकर भागने लगे।
इससे गुस्से में आए रिजवान और उसके साथी उनके पीछे चाकू लेकर दौड़े। उन्होंने गालिबपुरा में उन पर पथराव किया, कांच की बोतलें फेंकी और तीन राउंड फायर भी किए।