भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी पर लिखी एक कविता को लेकर सोमवार को इलाहाबाद स्थित आईईआरटी संस्थान में गोलियां तड़तड़ाईं।
संस्थान के प्रस्तावित सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए कविता लिखे जाने से नाराज बीटेक तृतीय वर्ष के छात्रों ने एक छात्र को कट्टे के बट से पीटकर जख्मी कर दिया और गोलियां चलाईं।
घटना की जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस ने घायल छात्र की तहरीर पर नौ के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा लिख लिया है। दो को नामजद किया गया है।
बीटेक के छात्र ने लिखी है कविता
मोदी पर कविता बीटेक तृतीय वर्ष के एक छात्र ने लिखी थी। इस पर तृतीय वर्ष के अतुल यादव और अनुज यादव ने एतराज जताया था। दोनों ने ऑडिशन भी रुकवा दिया था।
छात्रों के मुताबिक दो दिन पहले बीटेक तृतीय वर्ष के छात्र प्रशांत सिंह से इसी बात को लेकर दोनों का झगड़ा हुआ था और नौबत हाथापाई तक आ गई थी।
सोमवार को संस्थान की कैंटीन में दोनों पक्ष जुटे थे। यहां बात बनने की जगह बिगड़ती ही चली गई। दोनों पक्षों में पहले भी किसी बात को लेकर विवाद हो चुका था। पहले हुए झगड़े की वजह छेड़खानी को बताया जा रहा है।
छात्र को पीटा, गोलियां भी बरसाईं
आरोप है कि इसी बीच अतुल और अनुज ने प्रशांत को पीटना शुरू कर दिया। उसके सिर पर तमंचे के बट से वार किया गया और गोलियां भी चलाई गईं।
दोनों के साथ पहुंचे सात अन्य युवकों ने बमबाजी भी की। यह बात प्रशांत के साथियों को पता चली तो उन्होंने हमलावरों को दौड़ा लिया।
दोनों पक्षों में काफी देर तक फायरिंग हुई। प्रशांत कैंटीन में ही पड़ा तड़पता रहा। झगड़े के दौरान कैंटीन की कुर्सी, मेज भी पलट दिए गए।
हॉस्टल में भी हुआ जमकर हंगामा
मारपीट की बात सुनकर हॉस्टल से भी कई छात्र मौके पर पहुंच गए और जमकर हंगामा किया। फायरिंग की सूचना पर इंस्पेक्टर कर्नलगंज आरके सिंह मौके पर पहुंचे और प्रशांत को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
मरहम पट्टी के बाद उसको वहां से छुट्टी दे दी गई। शाम को प्रशांत ने अतुल, अनुज और सात अज्ञात के खिलाफ कर्नलगंज थाने में आईपीसी की धारा 147, 148, 323 और 307 के तहत मुकदमा दर्ज करा दिया।
इंस्पेक्टर कर्नलगंज ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच विवाद काफी पुराना है। आरोपों की जांच की जा रही है। दूसरे पक्ष की तलाश में दबिश भी दी जा रही है।