एक शख्स ने अपनी दोस्त को किस करने के मामले में कानूनी लड़ाई जीत ली है। मामला पिछले साल फरवरी का है।
मुंबई में एक प्रोडक्शन हाउस चलाने वाले कुबेर सरूप (26) अपनी दोस्त के साथ घूमने निकले थे।
सरूप के मुताबिक, लौटते समय उन्होंने अपनी दोस्त को बांद्रा में कार्टर रोड पर छोड़ने से पहले उसे किस किया था।
मौके पर मौजूद पुलिसवाले ने सार्वजनिक स्थल पर अभद्र व्यवहार करने के आरोप में उन पर 1200 रुपये का जुर्माना लगा दिया था और जमकर नैतिकता का पाठ पढ़ाया था।
सरूप ने कहा कि वह इस मामले में कोर्ट के समक्ष पेश हुए। जहां साल भर बाद बीते एक अप्रैल को साक्ष्यों के अभाव में उन्हें मामले से बरी कर दिया गया।
वसूल की गई जुर्माने की रकम भी उन्हें वापस मिल गई। सरूप का कहना था कि यह एक मूर्खतापूर्ण मामला था, जिसने कोर्ट का बेवजह समय बर्बाद किया।
उन्होंने कहा कि वह इस मामले में जल्द ही बांबे हाईकोर्ट में याचिका दायर करेंगे ताकि, भविष्य में किसी दूसरे को ऐसी परेशानी का सामना नहीं करना पडे़।