बॉलीवुड के फिल्म निर्माता-निर्देशक समीर कार्निक को शुक्रवार को 1.18 करोड़ के कर चोरी के मामले में सेवा कर विभाग ने गिरफ्तार किया। हालांकि बाद में कोर्ट से कार्निक को जमानत मिलने के बाद उन्हें रिहा कर दिया।
सेवा कर उपायुक्त समीर वानखेड़े के नेतृत्व में कर चोरी पकड़ने वाले दल ने अपनी जांच में पाया था कि कार्निक ने अपनी फिल्म 'यमला पगला दीवाना' के अधिकार 11.50 करोड़ रुपये में एक फिल्म वितरण कंपनी को दिए थे।
विभाग के मुताबिक दस्तावेजों की छंटनी के दौरान खुलासा हुआ कि इस सौदे से 1.18 करोड़ रुपये की सेवा कर देनदारी बनी जिसे कार्निक ने टैक्स विभाग को जमा नहीं करवाया।
गिरफ्तारी के बाद कार्निक को शुक्रवार शाम मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया गया। बाद में उन्होंने जमानत दे दी गई। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक इस मामले में अभिनेता सनी देओल भी आरोपी थे।
हालांकि उनकी कंपनी पर बकाया 1.95 करोड़ के सेवा कर में से 85 लाख का भुगतान हो जाने के कारण देओल की गिरफ्तारी नहीं हुई।
अधिकारियों के मुताबिक सनी देओल ने इस मामले में अपना बयान दर्ज कराया है और बाकी की राशि का भुगतान करने का वादा किया है।