लोकसभा चुनावों में कांग्रेस के इस किले पर खास निगाह रहेगी। अमेठी इस बार दिलचस्प जंग की गवाह बनेगी। आम आदमी पार्टी ने कवि से नेता बने कुमार विश्वास को राहुल गांधी के खिलाफ उतारकर पहले ही इस खेल को मजेदार बना दिया था। अब इसमें और तड़का लग गया है।
विज्ञापन
भारतीय जनता पार्टी ने काफी सोच-विचार और अहम वक्त गंवाने के बाद सोमवार रात यह फैसला किया कि वह राहुल गांधी के खिलाफ 'क्यूंकि सास भी कभी बहू थी' की बहू स्मृति ईरानी को मैदान में उतारेगी।
जाहिर है, स्मृति को राहुल को चुनौती देने का जिम्मा दिया गया है, जो आसान नहीं है। लेकिन अमेठी में उन्हें कुमार विश्वास से भी भिड़ना होगा। और जंग के ऐलान के पहले दिन कुमार विश्वास और स्मृति ईरानी के बीच जुबानी बमबारी शुरू हो गई।
विज्ञापन
स्मृति को बताया ईरानी या पाकिस्तानी
अपने विवादित बयानों के लिए पहले कई बार मुसीबत में फंस चुके कुमार विश्वास ने स्मृति ईरानी को भाजपा उम्मीदवार बनाए जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए फिर ऐसी बात कह दी, जिससे बवाल हो गया।
उन्होंने कहा कि भाजपा 'किसी ईरानी को उतारे या पाकिस्तानी' को, अमेठी लोकसभा क्षेत्र को अब इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार ने कहा, "संदेश गांवों तक पहुंच चुका है। अब कोई ईरानी आए, पाकिस्तानी आए, इतालवी आए या अमेरिकी...लेकिन अमेठी फैसला कर चुकी है।"
कुमार ने आरोप लगाया है कि वाराणसी और अमेठी जैसी सीटों को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच पहले ही कोई समझौता हो चुका है। यही वजह है कि दोनों दलों ने एक-दूसरे के खिलाफ उम्मीदवार उतारने में देर लगाई। और जानबूझकर कमजोर दावेदार उतारा।
भाजपा-कांग्रेस में हुई सेटिंगः कुमार
कुमार विश्वास ने कहा, "मुझे लगता है कि भाजपा अपना बचाव करना चाहती है या फिर कोई गोरखधंधा है, जो अहमद (पटेल) अंकल के जरिए हो रहा है कि आप हमें वाराणसी दे दो, हम आपको अमेठी दे देंगे।"
जब आम आदमी पार्टी के नेता ने हमला किया, तो स्मृति ईरानी कहां चुप रहने वाली थीं। उन्होंने कहा, "आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच जो समझौता हुआ, वो सभी जानते हैं। और जब उन्होंने दिल्ली में सरकार बनाई, तो सभी ने देखा भी।"
कुमार विश्वास पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा, "जहां तक उनका सवाल है, तो उनसे मैं किसी तरह के सम्मान की उम्मीद भी नहीं करतीं, खास तौर से महिला होने के नाते। महिलाओं का अपमान करने को लेकर उनका इतिहास रहा है। कई चैनलों पर यह बातचीत का मुद्दा हुआ करता है।"
मेरे बारे में कुछ नहीं जानते कुमारः स्मृति
टीवी कलाकार से सियासत में कूदीं स्मृति ईरानी ने कहा, "मुझे ईरानी या पाकिस्तानी कहने को लेकर मैं सिर्फ इतना कह सकती हैं कि मेरे बैकग्राउंड के बारे में उनकी जानकारी काफी कम है।"
उन्होंने कहा, "मैं नहीं जानतीं कि वो विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ना चाहते हैं या नहीं। सिर्फ इतना बता सकती हूं कि लड़ाई कांग्रेस और भाजपा के बीच है और कांग्रेस की बी टीम लड़ने लायक नहीं है।"
जब पार्टी ने उनके नाम का ऐलान किया, तो उन्होंने कहा, "परिवार के नाम पर अमेठी के लोगों को विकास के फल से कोसों दूर रखा गया है। मुझे लगता है कि यह काफी शर्म की बात है।"
अभी नाम का ऐलान हुआ है और कुमार विश्वास ने स्मृति ईरानी पर जोरदार हमला बोला है। इससे पहले वो राहुल गांधी पर काफी हमले करते रहे हैं। उनका दावा है कि कांग्रेसी उन पर हमले करा रहे हैं, क्योंकि डर गए हैं।
हाल में खबर आई थी कि कुमार विश्वाव, अपने नेता अरविंद केजरीवाल के अमेठी न आने की बात पर खफा हैं और उन्होंने ट्वीट के जरिए ऐसे कुछ बयान भी दिए थे।
लेकिन इसके बाद सब कुछ ठीक हो गया लगता है। ऐसा इसलिए, क्योंकि बनारस में हुई अरविंद केजरीवाल की रैली में कुमार विश्वास भी पहुंचे और दोनों ने मंच पर ही गर्मजोशी से एक-दूसरे को गले लगाया था।