देश के सबसे बड़े खेल आयोजन नेशनल गेम्स में एक बार फिर बड़ी संख्या में पदक विजेता डोप में पकड़े गए हैं। खास बात यह है कि पकड़ी गई सभी पदक विजेता महिलाएं हैं। इनमें सबसे बड़ा नाम 2006 के मेलबर्न कॉमनवेल्थ खेलों में देश को स्वर्ण पदक दिलाने वाली पंजाब की वेटलिफ्टर गीता रानी का है।
गीता लंबे समय से प्लस 75 किलो भार वर्ग में देश की नंबर वन लिफ्टर रही हैं। केरल में बीते माह समाप्त हुए नेशनल गेम्स में उन्होंने अपने राज्य के लिए स्वर्ण पदक जीता था। खेलों में देश के लिए दी गई सेवाओं के लिए उन्हें अर्जुन अवॉर्ड दिया जा चुका है।
एशियाई चैंपियनशिप सहित उन्होंने एफ्रो एशियाई खेलों में भी पदक जीता है। गीता के अलावा हरियाणा की वेटलिफ्टर हरजीत कौर, महाराष्ट्र की कोमल वाकाले भी डोप में फंसी हैं। साथ ही इन्हीं खेलों में पंजाब के लिए हैमर थ्रो में रजत जीतने वाली केएम रचना भी डोप में पकड़ी गई हैं। मूल रूप से बागपत (यूपी) की रहने वाली रचना इस वक्त एनआईएस पटियाला में रियो ओलंपिक की तैयारियों के लिए चल रहे नेशनल कैंप में थीं, जहां से उन्हें तत्काल हटा दिया गया है।