जोधपुर में नाबालिग से दुराचार के आरोपी आसाराम की न्यायिक हिरासत बढ़ने से पीड़िता का परिवार काफी खुश है।
निचली अदालत ने सोमवार को आसाराम की न्यायिक हिरासत 30 सितंबर तक बढ़ा दी है।
जैसे ही दोपहर को पीड़िता के पिता से उनकी प्रतिक्रिया जाननी चाही, तो उन्होंने सबसे पहले इस बात के लिए धन्यवाद दिया कि उन्हें यह खुशखबरी सबसे पहले अमर उजाला ने ही दी।
बिटिया के पिता के मुंह से अकस्मात यही निकला कि बड़ी खबर सुनाने के लिए बहुत आभारी हूं।
कुछ समय बाद वह बोले कि इस समाचार को टीवी पर देखने के बाद बिटिया और उसकी मां भी खुश हो गए। ऐसा बहुत कम मौका आता है, जब दोनों खुश होते हों।
लेकिन आसाराम और उनके कारिंदे शिवा की हिरासत 30 सितंबर तक बढ़ने से सभी को सुकून और खुशी मिली है।
उन्होंने कहा, "यह ईश्वर की ही कृपा है, जो वह साथ दे रहा है। उसे (आसाराम) तो बराबर जेल में ही रखना चाहिए, क्योंकि जब वह बाहर रहेगा तो धमकी दिलवाएगा और केस को प्रभावित करने का कुचक्र रचेगा।"