बस स्थान ही तो बदला है। मसला कमोबेश वही है जो आज से दो साल पहले टप्पल में था। वहां भी किसान मुआवजे को लेकर आंदोलित हुए थे और यहां भी कुछ ऐसा ही माहौल है। यहां के किसानों ने भी साफ ऐलान कर दिया है कि वे छह माह से प्रशासनिक मशीनरी के स्तर से छले जा रहे थे। मगर अब, जब तक मुआवजे के मसले पर हमारी बात नहीं मानी जाएगी, तब तक कोई निर्माण नहीं होने दिया जाएगा।
रुकवा दिया काम..अब नहीं होने देंगे
हम बात कर रहे हैं एनएच-91 की प्रस्तावित सड़क फोर लेन रोड और बाईपास की। रविवार को भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट के बैनरतले कई दर्जन किसान ताजपुर-रसूलपुर के पास बाईपास निर्माण स्थल पर एकत्रित हुए। वहां किसानों ने सबसे पहले मिट्टी भराव और लेबलिंग का काम कर रही मशीनों को बंद कराते हुए काम रुकवा दिया। किसानों के तेवर देखकर मशीनें चला रहा स्टाफ और ठेके से जुड़े लोग भी वहां से हट गए।
ठगा गया है किसानों को
इस दौरान निर्माणाधीन सड़क पर ही एक पंचायत आयोजित की गई, जिसमें साफ कहा गया कि अब जब तक हमारी मुआवजे से जुड़ी मांग पर सुनवाई नहीं होगी और मांग नहीं मानी जाएंगी, तब तक काम नहीं होने दिया जाएगा। किसानों का कहना था कि उन्हें छह माह से छला जा रहा है। आज तक उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि सर्किल रेट से इतना कम मुआवजा मिला है।
किसानों का कहना था कि कम से कम टप्पल में हमसे बेहतर मुआवजा 570 रुपये भी मिले हैं। एक-दो दिन में तारीख तय कर डीएम से मुलाकात की जाएगी। इस आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए टप्पल और भट्ठा के किसानों से भी संपर्क किया जा रहा है। इस मौके पर यादुनाथ सिंह ने अध्यक्षता की, जबकि पंचायत में प्रेम सागर सिंह, मंडल अध्यक्ष अजब सिंह, विजय तालान, प्रदीप कुमार, वीरपाल शर्मा, रनवीर सिंह, चंद्रपाल सिंह, लक्ष्मीचंद्र, सुभाष आर्य आदि थे।
जतनपुर चिकावटी निवासी अर्जुन सिंह ने कहा कि मेरी 12 बीघा जमीन गई है। शुरू में हमें इस जानकारी से दूर रखा गया कि सर्किल रेट से इतना कम दाम मिलेगा। अब जब भेद खुला है तो हम खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं।
भीकमपुर के राकेश कुमार का कहना है कि इस बाईपास में 16 बीघा जमीन दी है। मगर अब प्रशासनिक मशीनरी स्तर से हमारे साथ ठगी का राजफाश हो गया है, इसलिए हम आंदोलन को मजबूर हो रहे हैं।
गांव सर्किल रेट देय रेट
रसूलपुर ताजपुर 4000-3000 358
हरिदासपुर 4000-3000 470
जतनपुर चिकावटी 2000-1500 358
लेखराजपुर 2500-2000 144
भीकमपुर 3000-2500 358
भुकरावली 4000-3000 358
सिकंदरपुर 3000-2500 358
(यह रेट रुपयों में प्रति वर्ग मीटर के हिसाब से हैं।)
यह भी जानें
04 किमी के दायरे में बाईपास निर्माण पर आंदोलन तेज
06 से ज्यादा गांवों के किसान हर वक्त रख रहे हैं नजर
12 से ज्यादा पट्टाधारकों को न मुआवजा न विकल्प
02 मार्गों जीटी रोड से खैर रोड को जोड़ रहा यह टुकड़ा