केंद्र सरकार ने बुधवार को ऑनलाइन राष्ट्रीय कृषि बाजार स्थापित करने समेत प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना को मंजूरी दे दी। सिंचाई सुविधा से जहां किसानों को अनाज उपजाने में सहूलियत होगी, वहीं वह अपने उत्पादों को ऑनलाइन बेच सकेगा।
किसान अब सब्जी, अनाज और अन्य उत्पादों को ऑनलाइन बेचकर ज्यादा कमाई कर सकते हैं। इसके लिए ऑनलाइन सेटअप तैयार किया जाएगा। केंद्र सरकार के इस कदम से कॉमन नेशनल मार्केट में अब 500 मंडियां एक-दूसरे से जुड़ सकेंगी।
दूसरी ओर सभी गांवों में सिंचाई की सुविधा देने के लिए प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत इस साल 1000 करोड़ खर्च किए जाएंगे। कृषि मंत्री राधामोहन सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में हुई कैबिनेट की बैठक में दोनों योजनाओं को मंजूरी दी गई।