महाराष्ट्र में दो माह पुरानी देवेंद्र फडणवीस सरकार का शीघ्र विस्तार होने जा रहा है।
इसमें 12 लोगों को और मंत्री पद दिया जाएगा। छह भाजपा, दो शिवसेना और अन्य सहयोगी दलों के चार मंत्री शामिल होंगे।
सहकारिता मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने सांगली में मंगलवार को मंत्रिमंडल के शीघ्र विस्तार की जानकारी दी। हालांकि उन्होंने इस बाबत कोई निश्चित तिथि बताने से इनकार कर दिया।
इससे पहले 31 अक्तूबर को देवेंद्र फडणवीस ने नौ मंत्रियों के साथ महाराष्ट्र की कमान संभाली थी। शिवसेना को सरकार में शामिल करने को लेकर कई दिनों तक जोर आजमाइश चलती रही।
आखिरकार सरकार में शामिल होने के लिए सहमत हुई शिवसेना के 10 और भाजपा के 10 और मंत्रियों को पांच दिसंबर को शपथ दिलाई गई थी। अगले विस्तार में 12 और मंत्रियों के शामिल होने के बाद मंत्रिमंडल में सदस्यों की संख्या बढ़कर 42 हो जाएगी ।