संसद के बजट सत्र से पहले संभावित मोदी मंत्रिमंडल विस्तार में उत्तर प्रदेश की भागीदारी करीब-करीब जस की तस रहेगी, मगर कुछ चेहरे जरूर बदले जाएंगे। मिशन 2017 के मद्देनजर पार्टी और सरकार में शीर्ष स्तर पर इस सूबे की सभी प्रमुख जातियों की मंत्रिमंडल और संगठन में भागीदारी सुनिश्चित करने का फॉर्मूला तैयार किया जा रहा है।
इस क्रम में मंत्रिमंडल में शामिल कुछ चेहरों को जहां संगठन में भेजने की तैयारी की जा रही है, वहीं सियासी रूप से पार्टी के लिए अहम जातियों का प्रतिनिधित्व करने वाले चेहरों को मंत्रिमंडल में जगह देने पर मंथन हो रहा है। पार्टी की निगाह इस सूबे में दलित और ब्राह्मण मतदाताओं पर है।
ऐसे में इस बिरादरी से जुड़े मंत्रियों और नेताओं को सरकार और संगठन में तरक्की देने का मन बनाया जा रहा है। इस क्रम में अपना दल की अनुप्रिया पटेल की भूमिका बढ़ाने पर भी मंथन किया जा रहा है। पटेल को मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की चर्चा है।