सिंहस्थ कुंभ स्नान के दौरान नासिक के त्र्यंबकेश्वर (कुशावर्त) कुंड में हर घंटे पानी स्वच्छ होता रहेगा। महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण ने ऐसी मशीन लगाई है जो हर घंटे पानी को स्वच्छ कर देगी।
हर घंटे करीब एक लाख लीटर पानी को स्वच्छ करने के लिए ढाई करोड़ की यह मशीन लगाई गई है। इसके माध्यम से मानक के अनुरूप 3.0 मिलीग्राम/लीटर बीओडी (बायोलॉजिकल ऑक्सीजन डिमांड) स्वच्छ पानी उपलब्ध हो सकेगा।
नासिक सिंहस्थ कुंभ मेले के लिए बीते 14 जुलाई को ही पुरोहित संघ का ध्वजारोहण हो चुका है। मेले में साधु-संतों और अखाड़ों का आना शुरू हो गया है।
अब आगामी 19 अगस्त को अखाड़ों की ओर से कुंभ का ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके बाद नासिक के गोदावरी में और त्र्यंबकेश्वर के कुशावर्त कुंड में कुंभ स्नान शुरू हो जाएगा।
मेले की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। नासिक के पंचवटी में गोदावरी नदी के तट पर रामकुंड में वैष्णव अखाड़ों के साधु-संतों का स्नान होगा जबकि त्र्यंबकेश्वर के कुशावर्त कुंड में शैव अखाड़े के साधु-संत कुंभ स्नान करेंगे।