एक तरफ मंदी के चलते कंपनियों में छंटनी की खबरें आ रही हैं तो वहीं कुछ ऐसे भी हैं, जिन्हें कंपनियां बड़े-बड़े पैकेजे देने से भी नहीं पीछे हट रही हैं।
अहमदाबाद के रहने वाले इंजीनियरिंग के स्टुडेंट स्मित सांघवी को गूगल कंपनी से 93 लाख रुपए सालाना का पैकेज मिला है। यह अभी तक गुजरात के किसी स्टुडेंट को मिला सबसे बड़ा जॉब ऑफर है।
सांघवी के अलावा दिल्ली तकनीकी विश्वविद्यालय के हिमांशु जिंदल भी गूगल से 93 लाख रुपए सालाना का पैकेज दिया गया है। जिंदल भी डीटीयू में अब तक का सबसे बड़ा पैकेज पाने वाले स्टुडेंट हैं। हिमांशु कंप्यूटर इंजीनियर हैं।
वहीं, स्मित सांघवी धीरूभाई अंबानी इंस्टीट्यूट ऑफ इनफॉर्मेशन एंड कम्यूनिकेशन टेक्नोलॉजी से इनफॉर्मेशन एंड कम्यूनिकेशन टेक्नोलॉजी के छात्र हैं। उन्होंने काम करने के लिए कंपनी का केलिफोर्निया का हेडक्वार्टर चुना है।
सांघवी का कहना है कि यह एक सपने के सच होने जैसा है। इस समय अर्थव्यवस्था के बुरी हालात में उन्हें इतने बड़े पैकेज की उम्मीद नहीं थी। साक्षात्कार में पूछे गए सभी सवाल तकनीकी थे लेकिन आसान थे।
सांघवी को अक्तूबर 2014 से कंपनी को ज्वाइन करना है और इसके लिए वह अभी से तैयारी में जुट गए हैं। अपनी सफलता के लिए अपने परिवार और इंस्टीट्यूट के सहयोग को बेहद महत्वपूर्ण मानते हैं। उनके बड़े भाई भी इंजीनियर हैं।
उनके अलावा धीरूभाई अंबानी इंस्टीट्यूट के ही 19 स्टुडेंट्स को 10 लाख का पैकेज मिला है। भारत में सबसे बड़ा पैकेज सालाना 19.5 लाख रुपए का दिया गया है।