तमिलनाडु के तिरूवल्लूर जिले के उपरापलयम गांव में एक गोदाम की दीवार गिर जाने से ग्यारह लोगों की मौत हो गई।
हादसे में मरने वालों में चार महिलाएं और एक बच्चा भी शामिल है। बताया गया है कि हादसे का शिकार बने मजदूरों की झोपड़ियां दीवार से सटी थी।
मरने वालों में आंध्र प्रदेश के नौ जबकि तमिलनाडु के दो लोग शामिल है। मलबे में दबे एक 19 वर्षीय युवक को बचा लिया गया है। शनिवार की रात तेज बारिश के बाद यह हादसा हुआ।
पुलिस के मुताबिक यह दीवार एक प्राइवेट कंपनी के गोदाम की थी, और कंपनी के दो मालिकों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
तमिलनाडु में पिछले कुछ दिनों में इस तरह का यह दूसरा हादसा है।
28 जून को पोरूर में एक बहुमंजिला इमारत के गिर जाने से 61 लोगों की मौत हो गई थी। इस बीच मुख्यमंत्री जयललिता ने पोरूर हादसे की एसआईटी जांच के आदेश दे दिये हैं।