जम्मू और कश्मीर में सितंबर माह में आठ आतंकवादियों ने घुसपैठ की। हालांकि इस आंकड़े को लेकर पहले कई एजेंसियां अलग-अलग दावे कर रही थीं। जुलाई में सेना द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों पर संदेह जताने के बाद केंद्र सरकार घुसपैठ के आंकड़ों पर करीबी नजर रखे हुए थी। रॉ ने सितंबर माह में 18 आतंकियों के घुसने का दावा किया था।
जबकि स्थानीय सेना और राज्य पुलिस ने चार और अन्य केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने आठ लोगों के उत्तरी कश्मीर के माचिल सेक्टर से घुसपैठ की बात कही थी। अधिकारिक सूत्रों ने कहा कि गृहमंत्रालय की उच्च स्तरीय बैठक के बाद यह संख्या 8 मानी गई।
डायरेक्टर्स जनरल एंड इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस की कांफ्रेंस में डायरेक्टर ऑफ इंटेलीजेंस ब्यूरो नेहचल संधू ने घोषणा की थी कि राज्य में घुसपैठ की घटनाओं में वृद्धि हुई है, जिसकी काफी आलोचना हुई थी।
संधू के बयान का जम्मू कश्मीर पुलिस ने विरोध किया था और अपनी जांच में पाया कि डायरेक्टर जनरल ऑफ मिलिट्री इंटेलीजेंस और डिफेंस इंटेलीजेंस एजेंसी ने सही ढंग से इसकी पुष्टि नहीं की।