समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद नरेश अग्रवाल ने कहा कि हर दिन इस बात की अफवाह फैल रही है कि पूरे देश भर में भूकंप आ सकता है। सरकार को ऐसी अफवाहों को लेकर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
आरपीआई के रामदास अठावले ने अपनी दो महीने की सैलरी भूकंप पीड़ितो के लिए देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि वो संसद से अपील करते है कि हर सांसद अपनी सांसद निधि से 1-1 करोड़ रुपए भूकंप पीड़ित लोगों की मदद के लिए दे।
एनसीपी के सांसद प्रफुल्ल पटेल ने नेपाल फुटबाल एसोसिएशन का धन्यवाद दिया जिन्होंने भारत की अंडर 14 फुटबाल टीम का ऐसे समय में पूरा ख्याल रखा। इंडियन फुटबाल एसोसिएशन ने 11 लाख रुपए की मदद नेपाल फुटबाल एसोसिएशन को दी है।
राजद के राज्यसभा सांसद प्रेम चंद गुप्ता ने कहा कि इस तरह की आपदा से बचने के लिए हमारा देश पूरी तरह से तैयार नहीं है। प्रेम चंद गुप्ता ने पीएम मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने वायदा किया है कि वो नेपाल के लोगों की आंखों के आंसू पोछ देंगे। हम विश्वास करते हैं कि यह वायदा पूरा होगा और जुमला बन कर नहीं रह जाएगा। गुप्ता ने यह भी कहा कि दिल्ली-एनसीआर अधिक तीव्रता के भूकंप नहीं झेल सकते हैं। अगर ऐसा कोई भूकंप आता है तो दिल्ली-एनसीआर को खूब नुकसान होगा।
इस पर केंद्रीय राज्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि मेरी भावना सदन के सभी सदस्यों के साथ है। मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि नेपाल के साथ भारत का सिर्फ भावनात्मक ही नहीं। बल्कि सांस्कृतिक जुड़ाव भी है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने इस आपदा में नेपाल की मदद देने के लिए बहुत ठोस निर्णय लिए हैं। सभी जरूरी सामान नेपाल भेजा गया है।
'एनडीआरएफ को मजबूत किया जाना चाहिए'
राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा कि देश भर में कई शहर सेसमिक जोन की जद में थे, सरकार को ऐसे में और अधिक तेजी दिखानी चाहिए। राष्ट्रीय आपदा प्रबंध प्राधिकरण को और अधिक मजबूत किया जाना चाहिए। हर राज्य में एनडीआरएफ को मजबूत किया जाना चाहिए।
बसपा प्रमुख मायावती ने कहा कि भूकंप में सरकार लोगों की मदद कर रही है। पर यह भी ध्यान रखना चाहिए कि तूफान और बेमौसम बरसात से पीड़ित किसानों की मदद में कोई कमी न रह जाए। फसल के नुकसान की वजह से ही कई किसान आत्महत्या कर रहे हैं।
सीपीआई-एम के सांसद सीताराम येचुरी ने बताया कि सांसद निधि से नेपाल के पीड़ितों की मदद करनी चाहिए। राज्यसभा के उपाध्यक्ष कुरियन ने कहा कि यह अच्छे सुझाव है। इन्हें माना जा सकता है।
'4 अंकों का ऐसा नंबर जारी करे'
एआईएएमडीके के सांसद ए नवीथाकृष्णन ने बताया कि तमिलनाडु सरकार ने तमिलनाडु हाऊस में एक सहायता केंद्र शुरु किया है। जेडीयू के सांसद केसी त्यागी ने कहा कि भूकंप से सबसे ज्यादा नुकसान भारत में बिहार को हुआ है। सरकार को इसे राष्ट्रीय आपदा घोषित करना चाहिए।
डीएमके की राज्यसभा सांसद कनिमोझी ने सरकार को नेपाल में सहायता पहुंचाने के लिए धन्यवाद दिया। साथ ही कहा कि ऐसी राष्ट्रीय आपदा से निपटने के लिए और अधिक तैयारी की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय आपदा आने के बाद 10 अंकों का मोबाइल नंबर दिया जाता है जिसे याद करना बहुत कठिन होता है। सरकार को चाहिए कि 4 अंकों का ऐसा नंबर जारी करे जिसे आसानी से याद किया जा सके।
राज्यसभा उपाध्यक्ष कुरियन ने कनिमोझी के इस सुझाव को अच्छा और व्यवहारिक बताया। शिवसेना के सांसद संजय राउत ने कहा कि सरकार को इस बात की मंजूरी देनी चाहिए कि लोग अपनी सांसद निधि से स्कूल, हॉस्पिटल और सड़क का निर्माण करवा सकें।
'हमे सेवा परमोधर्म की बात सिखाता'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल में आई राष्ट्रीय आपदा में आगे आकर मदद करने के लिए राज्यों की भूमिका, एनडीआरएफ, मीडिया और अन्य एजेंसियों की सराहना की है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा कि जो लोग #ThankYouPM पर मुझे बधाई दे रहे हैं। उनको हमारे देश की सभ्यता और संस्कृति को धन्यवाद देना चाहिए, जो हमे सेवा परमोधर्म की बात सिखाता है। अगर किसी को धन्यवाद देना है तो उन 125 करोड़ भारतीयों की मदद कीजिए जो ऐसे समय में आगे आकर नेपाल की मदद कर रहे हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि ऑर्म्ड फोर्सज, एनडीआरएफ और मीडिया ने बहुत अच्छा काम किया है। उन्होंने मीडिया की सराहना करते हुए कहा कि मीडिया ने ग्राउंड जीरो पर पहुंच कर बहुत ही बहादुरी से रिपोर्टिंग की है।