गागलहेड़ी में हौजरी व्यवसायी और उसके चिकित्सक दोस्त द्वारा 18 साल की युवती को उसी के घर पर नशे का इंजेक्शन लगाकर अपनी हवस का शिकार बनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। लोकलाज के डर से चुप्पी साधे रही पीड़िता ने मंगलवार को आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पीड़िता के मुताबिक उसके मां-बाप की मौत हो चुकी है और वो ही किसी तरह अपने भाई-बहनों का भरण-पोषण करती है। कुछ दिन पूर्व वो अपने ननिहाल गई थी, जहां गांव के ही अहसान ने उसकी मामी से उसे अपनी हौजरी में काम पर लगवाने और प्रतिमाह तीन हजार रुपये वेतन देने की बात कही। युवती का आरोप है कि नौ अक्तूबर को वो अहसान के साथ हौजरी पर काम करने गई थी, जिसके बाद से अहसान उस पर बुरी नजर रखने लगा और उसके साथ छेड़छाड़ तक करने लगा।
तीन नवंबर को उसके भाई और बहन घर से बाहर गए हुए थे कि शाम करीब सात बजे अहसान अपने दोस्त डॉक्टर अंसार के साथ उसके घर पहुंचा और अंदर आते ही उन्होंने दरवाजा बंद कर उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और गर्दन पर चाकू लगा दिया। इसी बीच डॉक्टर अंसार ने उसे नशे का इंजेक्शन लगा दिया। इंजेक्शन लगाने के बाद दोनों ने उसके साथ बलात्कार किया। जाते समय दोनों किसी को कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी देकर बाहर से कुंडा लगा गए। वो बेहोश हो गई थी। कुछ समय बाद पड़ोस में ही रहने वाले दो लोगों ने दरवाजे का कुंडा खोला तो उसने उन्हें पूरी घटना बताई।
पीड़िता का कहना है कि वो लोकलाज के डर से अभी तक चुप थी, लेकिन अब वो आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई चाहती है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।