महेंद्र पार्क इलाके में शुक्रवार शाम कैश वैन का चालक ओमपाल 51 लाख रुपये ले उड़ा। आरोपी ने वारदात को अंजाम देने से पहले वैन में मौजूद सुरक्षा गार्ड और दो अन्य साथियों को नशीला पदार्थ खिला दिया था।
पुलिस के मुताबिक, एटीएम में कैश डालने वाली निजी कंपनी के चार लोग मारुति इको कार से शुक्रवार शाम विभिन्न एटीएम में कैश डालने के लिए निकले थे। कार में चालक ओमपाल (33), गार्ड बृजेश, कैश डालने वाले कर्मी योगेश और हेमंत थे। वैन में कुल 81 लाख रुपये थे।
सेंट्रल बैंक और यूनियन बैंक के एटीएम में 30 लाख कैश डालने के बाद चारों रात करीब 8 बजे किरोड़ीमल कॉलेज के पास लगे ओबीसी एटीएम पर पहुंचे। वहां ओमपाल ने वैन में मौजूद अन्य तीनों को मिठाई खिलाई। पीड़ितों के मुताबिक मिठाई खाते ही उनका सिर घूमने लगा और बेहोश हो गए। देर रात करीब 1 बजे योगेश, हेमंत और बृजेश को होश आया तो उन्होंने खुद को जहांगीरपुरी मेट्रो स्टेशन के पास पाया। उनकी वैन दुर्घटनाग्रस्त थी। वैन से कैश गायब था।