केंद्रीय मंत्री शशि थरूर की पत्नी सुनंदा पुष्कर की मौत की गुत्थी उलझती जा रही है।
इस मामले में सुनंदा की करीबी दोस्त श्रीदेवी बादिगा ने सुनंदा पुष्कर के बारे बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि सुनंदा को कुछ बीमारी थी। श्रीदेवी ने बताया कि गोवा में छुट्टियां बिताने के दौरान वह सुनंदा के घर जाया करती थी।
श्रीदेवी ने कहा कि सुनंदा कई बार खुद को घर में बंद कर लेती थी लेकिन श्रीदेवी ने सुनंदा की ड्रग्स ओवरडोज और सुसाइड की खबरों को बकवास करार देते हुए कहा कि सुनंदा ऐसी महिला नहीं थी जो खुद की जान ले ले।
इसके साथ ही श्रीदेवी ने कहा कि मुझे इस तरह की खबरों से गहरा दुख पहुंचा है। 17 जनवरी की रात सुनंदा की पांच सितारा होटल लीला में सदिग्ध हालत में मौत हो गई। इसकी जांच एसडीएम व पुलिस कर रही है।
वसीयत क्यों बनवाना चाहती थीं सुनंदा?
सुनंदा पुष्कर की मौत के बाद कई नए खुलासे हो रहे हैं। क्या सुनंदा को अपनी मौत का पहले से एहसास हो गया था।
खबरों के मुताबिक सुनंदा पुष्कर ने तीन महीने पहले अपने दोस्त और कॉर्पोरेट वकील रोहित कोचर से मदद मांगी थी और कहा था कि वह उनकी वसीयत तैयार करें। उस समय वह उनसे बार-बार जोर देकर कह रही थीं कि जीवन का कोई भरोसा नहीं है।
सुनंदा के पास करीब सवा अरब की संपति है। जिसमें उनके दुबई में 12 फ्लैट और कनाडा में करोड़ों का एक घर भी है। सुनंदा की वसीयत न होने पर उनकी सारी संपति उनके बेटे शिव मेनन और उनके पति शशि थरूर को मिलेगी।
तनाव में थीं सुनंदा
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के सूत्रों ने कहा है कि जांच में सुनंदा पुष्कर के शरीर में शराब के अंश नहीं पाए गए, हालांकि मानसिक परेशानी में इस्तेमाल की जाने वाली दवा एलप्राजो की मौजूदगी की संभावना है। शशि थरूर और पाकिस्तानी पत्रकार मेहर को लेकर सुनंदा पिछले कई दिनों से तनाव में थीं।
सुनंदा के शव का पोस्टमार्टम रविवार को एम्स में डॉक्टरों के तीन सदस्यीय बोर्ड ने किया था। जांचकर्ताओं को होटल के कमरे से एलप्राक्स की खाली पट्टी मिली थी।
घटना की जांच कर रहे एसडीएम आलोक शर्मा ने अब तक आठ लोगों के बयान दर्ज किए हैं जिनमें सुनंदा शशि थरूर, उनका स्टाफ तथा पत्रकार नलिनी सिंह भी शामिल हैं।
सूत्रों ने बताया कि एसडीएम ने थरूर से पाकिस्तानी पत्रकार मेहर तरार के साथ उनके कथित संबंधों और इससे संबंधित विवाद के बारे में पूछा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट एसडीएम को सौंपी गई
सुनंदा पुष्कर की पोस्टमार्टम रिपोर्ट सोमवार की शाम मामले की जांच कर रहे एसडीएम को सौंप दी गई। सुनंदा की तीन दिन पहले दिल्ली के पांच सितारा होटल लीला में संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी।
एम्स के फोरेंसिक विभाग के अध्यक्ष की ओर से सील बंद लिफाफे में पोस्टमार्टम रिपोर्ट एसडीएम को सौंपी गई। रिपोर्ट पर अभी न तो जांच कर रहे एसडीएम कुछ बोल रहे हैं और न ही पोस्टमार्टम करने वाली एम्स के डॉक्टरों की टीम के चेयरमैन।
सुनंदा का पोस्टमार्टम शनिवार को तीन डॉक्टरों के मेडिकल बोर्ड ने एम्स के पोस्टमार्टम घर में किया था। हाई प्रोफाइल मामला होने के कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा था। इस रिपोर्ट के आधार पर ही जांच आगे बढ़ेगी।
रिपोर्ट में कई अहम तथ्य शामिल
सोमवार शाम करीब पांच बजे मामले की जांच कर रहे एसडीएम आलोक शर्मा एम्स के फोरेंसिक विभाग के अध्यक्ष डॉ. सुधीर गुप्ता के पास पहुंचे।
दोनों के बीच करीब आधे घंटे की बातचीत हुई। उसके बाद शाम करीब साढे़ पांच बजे एसडीएम को सीलबंद लिफाफे में पोस्टमार्टम रिपोर्ट सौंप दी गई।
सूत्रों के मुताबिक रिपोर्ट में शव से लिए गए नमूनों के अलावा उन तथ्यों को भी शामिल किया गया है, जो सुनंदा की बीमारी से जुडे़ हुए थे।
इसके साथ ही बीमारी के दस्तावेजों, नमूनों, जांच में शामिल पुलिस और एसडीएम से बातचीत के अलावा पैथोलॉजिकल और फोरेंसिक जांच रिपोर्ट को आधार बनाकर अंतिम रिपोर्ट बनाई गई है।
सुनंदा की अस्थियां गंगा में प्रवाहित
केंद्रीय राज्यमंत्री शशि थरूर और अन्य परिजनों की मौजूदगी में सुनंदा पुष्कर के बेटे शिव मेनन ने अपनी मां की अस्थियां गंगा में प्रवाहित कर दी। शशि थरूर की बहन नीलू मर्चेंट, सुनंदा पुष्कर के भाई राजेश पुष्कर और आशीष दास भी उनके साथ रहे।
शशि थरूर सोमवार दोपहर हरिद्वार स्थित वीआईपी गंगा घाट पहुंचे। पुरोहित पंडित मधूसूदन प्रधान और संजय कुमार ने कर्मकांड कराया।
कर्मकांड करने वाले पुरोहित मधुसूदन प्रधान ने बताया कि उन्होंने बही में सुनंदा की मृत्यु की तिथि 17 जनवरी 2014 लिखवाई, हालांकि समय नहीं लिखवाया है।
एसडीएम सोहन सिंह ने बताया कि शशि थरूर और परिजन जौलीग्रांट हवाई अड्डे से हरिद्वार पहुंचे और कर्मकांड करने के बाद भी हवाई रास्ते से ही दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
सुनंदा पुष्कर के अस्थि विसर्जन में शशि थरूर के क्षेत्र केरल और कश्मीर का इलाका देखने वाले पुरोहित बुलाए गए। कर्मकांड कराने वाले पुरोहित मधूसूदन प्रधान जहां केरल के यजमानों के कर्मकांड कराते हैं वहीं संजय कुमार कश्मीर के यजमानों को देखते हैं।
'जल्द हो सुनंदा की मौत की जांच'
गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने शशि थरूर की पत्नी सुनंदा पुष्कर की मौत की जांच जल्द पूरी करने को कहा है। इस सिलसिले में उन्होंने पुलिस को खास निर्देश दिए हैं।
सोमवार को एक समारोह में हिस्सा लेने के बाद पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत के दौरान शिंदे ने कहा कि जांच जल्द पूरी कराने के लिए थरूर ने उन्हें चिट्ठी लिखी है। लिहाजा उन्होंने इस जांच को देखने वाले लोगों से इसे जल्द पूरी करने को कहा है। वह ऐसा कर भी रहे हैं।
मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री शशि थरूर ने रविवार को गृह मंत्री को पत्र लिख कर अपनी पत्नी की मौत की जांच जल्द पूरी कराने की गुजारिश की थी। थरूर ने कहा था कि वह सुनंदा की मौत के बारे में मीडिया में अनाप-शनाप लगाए जा रहे अंदाजे से भौचक हैं।
सच्चाई का पता चलना जरूरी
थरूर ने चिट्ठी में कहा था कि जांच से संबंधित अधिकारियों को इसे जल्द पूरी करने को कहा जाए ताकि किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जा सके।
जांच का नतीजा जितनी जल्दी आएगा सच्चाई का पता भी उतनी ही जल्दी चलेगा।
गौरतलब है कि सुनंदा की शुक्रवार को एक होटल के कमरे में मौत हो गई थी।