आईएएस अधिकारी डीके रवि ने मौत से पहले अपनी बैचमेट रह चुकी महिला आईएएस अधिकारी को व्हाट्सएप पर एक संदेश भेजा था। डीके रवि की मौत के मामले की जांच कर रही सीआईडी के सूत्रों ने बताया है कि उस संदेश ये स्पष्ट हो रहा है कि वे आत्महत्या कर सकते थे।
डेक्कन क्रॉनिकल की रिपोर्ट के मुताबिक, रवि ने महिला आईएएस ऑफिसर को लगभग 250 शब्दों का संदेश भेजा। संदेश व्हाट्सएप से भेजा गया, और लगभग सुसाइड नोट जैसा है। उससे ये जाहिर हो रहा है कि रवि उस महिला के साथ वक्त बिताना चाहते थे। संदेश में कई ऐसे बातें भी थीं, जिससे ऐसा लग रहा है कि उन्होंने महिला आईएएस अधिकारी को यौन प्रस्ताव भेजा।
उल्लेखनीय है कि डीके रवि का शव सोमवार को बंगलूरू में उनके घर में पंखे से लटका मिला। शुरुआती जांच में पुलिस ने दावा किया कि उन्होंने आत्महत्या की है। रवि ने खनन माफियाओ के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की थी, जिससे उनकी मौत को उन कार्रवाइयों से जोड़कर भी देखा गया। आशंका जताई गई कि रवि की हत्या की गई है।
राजनीतिक दलों समेत रवि के परिजनों ने मामले की जांच सीबीआई को देने की मांग की। कर्नाटक सरकार मामले की जांच सीआईडी से करा रही है, हालांकि कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी ने राज्य के मुख्यमंत्री सिद्घारमैया से कहा है कि वे मामले को सीबीआई को सौंप दे।
डीके रवि के फोन कॉल्स और संदेशों के बाद मामले में नया मोड़ ले लिया है।
रवि ने मैसूर के होटल में कमरा भी बुक कराया था
सीआईडी के सूत्रों का कहना है कि रवि ने महिला आईएएस अधिकारी को जो संदेश भेजा है, उसकी जांच की जा रही है। संदेश में रवि ने कहा है, 'मैं तुम्हारा दोस्त भर नहीं हूं, बल्कि प्रेमी हूं। मेरे जीवन का कोई मतलब नहीं रह जाएगा, यदि मैं तुम्हारे जैसी सुंदर महिला से विवाह न कर पाऊं।' रवि ने अपने संदेश मे कहा है कि वे जल्द शाश्वत जीवन में प्रवेश करने वाले हैं, अगले जीवन में मुलाकात होगी। गुड बॉय, अगले जन्म में मुलाकात होगी।
रवि के संदेश के कुछ हिस्सों से ऐसा भी लग रहा है कि उन्होंने महिला अधिकारी को यौन प्रस्ताव भी दिया था। सीआईडी के सूत्रों ने बताया कि रवि ने मैसूर के एक होटल में कमरा बुक किया था और महिला पर दबाव बना रहे थे कि वह उनके साथ कुछ वक्त बिताए।
वहीं, महिला आईएएस अधिकारी ने आरोप लगाया है कि रवि शादी का दबाव बनाकर लगातार उनका शोषण कर रहे थे। पुलिस को दिए बयान में उन्होंने कहा है कि रवि उन पर अपनी शादी तोड़ने की दबाव बना रहे थे।
उल्लेखनीय है कि रवि और वह महिला अधिकारी 2009 में बैचमेट रह चुके हैं। महिला अधिकारी फिलहाल दक्षिणी कर्नाटक में तैनात है।
मौत के दिन रवि ने महिला अधिकारी को किए 44 फोन
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, महिला आईएएस अधिकारी ने रवि की मौत के बाद मामले की जांच की रही एक पुलिस अधिकारी को बताया कि वे और रवि नियमित संपर्क में थे। कॉल रिकार्ड की जांच के बाद ये भी सामने आया कि दोनों के बीच लंबे समय से बातचीत हो रही थी। कई बार दोनों के बीच आधी रात में भी बातें हुईं।
रवि ने अंतिम बार महिला अधिकारी से सोमवार को ही बात की थी। दोनों के बीच लगभग 16 सेकंड बात हुई थी, उस दिन रवि ने उन्हें 44 बार फोन किया था। कॉल रिकॉर्ड से ये भी सामने आया कि मौत के एक दिन पहले भी रवि ने महिला अधिकारी से आठ बार बात की थी। दोनों के बीच 30 मिनट के आसपास बात हुई थी।
पुलिस के दिए बयान ने महिला अधिकारी ने बताया कि रवि लगातार उनका पीछा कर रहा था। उन्होंने उन्हें शादी का प्रस्ताव भी दिया था, जिसे उन्होंने ठुकरा दिया। रवि का विवाह कांग्रेस न हनुमंतरयप्पा की बेटी कुसुमा से हुआ था।