फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नाबालिग बहनों की हत्या पर सुलगा उरई, बवाल

Mon, 06 Oct 2014 09:21 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, उरई (जालौन)
विज्ञापन
विज्ञापन
अगवा नाबालिग बहनों की हत्या पर रविवार को यूपी का उरई सुलग उठा। आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर भड़के लोगों ने कोतवाली के बाहर ही शवों को पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश की तो पुलिस ने पानी की बौछार के साथ ही लाठीचार्ज कर दिया। इससे भड़के लोगों ने पुलिस पर हमला बोला दिया। सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ कर कोतवाली परिसर में आग लगा दी।
विज्ञापन


पुलिस ने रबड़ की गोली व आंसू गैस के गोले छोड़कर भीड़ को खदेड़ा। पिटाई भी की। यहां से भागे प्रदर्शनकारियों ने शहर भर में तोड़फोड़ व आगजनी की। मौके पर डीएम रामगणेश और एसपी राकेश शंकर भी स्थिति संभालने में नाकाम रहे।

हमले में एएसपी, दो थानाध्यक्ष व एक दारोगा समेत कई पुलिस वाले घायल हो गए। आईजी कानपुर व डीआईजी भी मौके पर पहुंचे। लेकिन हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं।

आक्रोशित लोगों ने किया पुलिस पर पथराव

शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला रामनगर निवासी भूरे शुक्ला की पुत्री नीतू (17) व वैशाली (15) को बीती 22 सितंबर की देर रात कुठौंद निवासी गौरव चतुर्वेदी व उसके साथी मां, बाप को अचेत कर अगवा कर ले गए थे। शनिवार को दोनों बहनों के शव चुर्खी थाना क्षेत्र के धामनी गांव स्थित नून नदी में बोरे में बंद मिले। पुलिस द्वारा पूरे मामले में लापरवाही बरतने पर परिजन, स्थानीय लोग, भाजपा नेता, क्षत्रिय महासभा, परशुराम सेना, एबीवीपी समेत आम शहरी आक्रोशित थे। रविवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद करीब तीन हजार लोग इकट्ठा हुए और बाजार बंद करा दिया।

बहनों के शवों को कोतवाली के सामने रखकर जाम लगाया। लोग दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई और हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। इसी बीच कुछ लोगों ने शवों पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगाने का प्रयास किया पर दमकल कर्मियों ने पानी की बौछार कर दी। इससे आक्रोशित लोगों ने पुलिस पर पथराव किया।

इसमें एएसपी लल्लन सिंह, थानाध्यक्ष डकोर बीपी चतुर्वेदी, थानाध्यक्ष आटा ब्रजनेश कुमार, दारोगा मोहित द्विवेदी समेत कई पुलिस कर्मी घायल हो गए। कई ने भाग कर जान बचाई। भीड़ ने कोतवाली में घुसकर सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ कर आगजनी कर दी। पालिका कार्यालय में तोड़फोड़ की। डिवाइडर व स्ट्रीट लाइटें तोड़ डालीं। देखते देखते पूरा शहर सुलग उठा।
विज्ञापन

आईजी, डीआईजी पहुंचे

हालात पर काबू पाने के लिए झांसी व कानपुर देहात से पुलिस फोर्स बुलाया गया। शाम को करमेर रोड पर पुलिस प्रशासन का पुतला फूंककर फिर पथराव किया। आईजी कानपुर आशुतोष पांडेय, डीआईजी झांसी प्रशांत कुमार मौके पर आए और उन्होंने हालात का जायजा लिया।

कोतवाल लाइन हाजिर, तीन दारोगा निलंबित
आईजी ने लापरवाह कोतवाल संतोष सिंह को लाइन हाजिर कर थानाध्यक्ष कुठौंद प्रवीण कुमार, विवेचक धनीराम भास्कर व दारोगा प्रेम सागर को निलंबित कर दिया।

आईजी कानपुर आशुतोष पांडेय ने बताया कि भारी मात्रा में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। मृतक बहनों के परिजनों के साथ पुलिस की सांत्वना हैं। लेकिन उपद्रवियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

हटाए गए जालौन के एसपी
दो बहनों की हत्या कर बोरे में बंद कर फेंकी गई लाशों के बरामद होने के बाद जालौन में पुलिस और लोगों के बीच हुए संघर्ष के बाद वहां के एसपी राकेश शंकर को हटा दिया गया है। राकेश शंकर को डीजीपी मुख्यालय से संबद्ध किया गया है। लखनऊ में एसपी रेलवे सुनील कुमार सक्सेना को जालौन का नया एसपी बनाया गया है। जालौन के एसपी को हटाए जाने की पुष्टि गृह विभाग के प्रवक्ता ने भी की।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें