मंडी संसदीय उपचुनाव के लिए जनजातीय जिला किन्नौर में वीरवार को मतदान होगा। जिले के 118 बूथों पर कुल 51,883 मतदाता हैं। पूरे संसदीय क्षेत्र में मतगणना 30 जून को होगी।
शांतिपूर्ण मतदान के लिए जिले में 700 से अधिक कर्मचारियों को तैनात किया गया है। उपायुक्त किन्नौर कै. जेएम पठानिया ने बताया कि वोटिंग सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। मतदान के लिए जिले में 27 जून को अवकाश घोषित है।
सभी बूथों पर पोलिंग पार्टियां पहुंच चुकी हैं। जिलाधीश किन्नौर द्वारा जारी आदेशों के अनुसार 26 जून शाम पांच बजे से 27 जून शाम पांच बजे तक तथा 30 जून को मतगणना समाप्ति तक शराब के कारोबार पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध रहेगा।
इस दौरान ठेकों, ढाबों, क्लबों और होटल में भी शराब का कारोबार नहीं किया जा सकेगा। बाढ़ और भूस्खलन से जूझ रहे किन्नौर में मतदान प्रतिशत कम रहने की आशंका है। विधानसभा चुनाव में यहां 74 फीसदी वोटिंग हुई थी।