सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने इस्पात मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा से अपने विवाद को खत्म करने की घोषणा की है।
आतंकवादियों को कथित संरक्षण देने संबंधी बेनी के आरोप पर संसदीय कार्य मंत्री कमलनाथ द्वारा खेद जताने के बाद सकारात्मक रुख अपनाते हुए मुलायम ने कहा कि अब वह इस विवाद को बढ़ाना नहीं चाहते।
सरकार और पार्टी ने मुलायम के खिलाफ बड़बोलेपन के लिए बेनी का समर्थन नहीं किया। इससे खफा बेनी मंगलवार को सोनिया गांधी की अध्यक्षता में हुई कांग्रेस संसदीय दल की बैठक में शामिल नहीं हुए।
संसद भवन परिसर में पत्रकारों से बातचीत में मुलायम ने कहा कि चूंकि संसदीय कार्यमंत्री कमलनाथ बेनी के बयान पर खेद जता चुके हैं और कांग्रेस भी बेनी की आलोचना कर चुकी है, इसलिए अब वह इस विवाद को बढ़ाना नहीं चाहते। उन्होंने कहा कि हमारी ओर से यह मामला अब खत्म हो गया है।
उधर, इस्पात मंत्री वर्मा मंगलवार को संसद में नहीं नजर आए। गौरतलब है कि बेनी ने बीते दिनों एक जनसभा में मुलायम पर आतंकवादियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया था।
सपा ने इस बयान के लिए बेनी से माफी मांगने और ऐसा नहीं करने पर उन्हें मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग की थी। विवाद के कारण सोमवार को संसद के दोनों सदनों में भारी हंगामा हुआ था।
हालांकि सरकार की ओर से कमलनाथ ने बेनी के बयान पर खेद जता कर सपा सदस्यों को शांत करने की कोशिश की थी।