टीवी पर टाइमपास भी अब महंगा होने जा रहा है। दरअसल सरकार ने केबल के डिजिटलाइजेशन को अनिवार्य कर दिया है। अब मल्टी सिस्टम ऑपरेटर (एमएसओ) ने इसके लिए जो दरें तय की हैं, उनके हिसाब से पूरे मनोरंजन में जेब कट जाएगी।
उपभोक्ताओं के लिए तीन पैकेज दिए गए हैं। इनमें सबसे कम 180 व अधिकतम 250 रुपये प्रतिमाह है। खास बात यह है पैकेज में मिलने वाले ज्यादातर फ्री टू एअर चैनल हैं। डीडी स्पोर्ट्स को छोड़कर कोई स्पोर्ट्स चैनल नहीं है। धारावाहिकों के लिए सबसे ज्यादा देखे जाने वाले जी, सोनी व स्टार के चैनल भी पैकेज में शामिल नहीं हैं। इन चैनलों को देखने के लिए आपको अलग से शुल्क देना होगा। कुल मिलाकर मतलब ये कि जितना ज्यादा मनोरंजन उतने ज्यादा रुपये। हालांकि कलर्स चैनल व कुछेक हिंदी न्यूज चैनल पैकेज में शामिल हैं।
शुक्रवार को केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री अंबिका सोनी से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने इन नई दरों के बारे में बताया। ये दरें 1 नवंबर, 2012 से लागू की जाएंगी। 31 अक्तूबर तक दिल्ली समेत चारों महानगरों में सभी केबल कनेक्शन का डिजिटलाइजेशन करना है। अंबिका सोनी शुक्रवार को इसकी जानकारी लेने मुख्यमंत्री कार्यालय पहुंची थीं। सरकार की मानें तो दिल्ली में 70 फीसदी डिजिटलाइजेशन हो चुका है, मगर यह दूसरे महानगरों से पीछे है। मुंबई में 90 तो कोलकाता में यह 77 फीसदी किया जा चुका है।
केबल टीवी से जुड़े कुछ आंकड़े
एमएसओ ----- 13
केबल ऑपरेटर ----- 1841
दिल्ली में टीवी ----- 29.39 लाख घरों में
डीटीएच (डायरेक्ट टू होम) ----- 8.77 लाख घरों में
सेट टॉप बॉक्स ----- 14.74 लाख घरों में
अभी करना है ----- 10 लाख
कितने रुपये में कितने चैनल
रुपये ----- चैनल
180 ----- 145
200 ----- 151
250 ----- 165