खतरों से खेलने के शौकीन वन-डे में टीम इंडिया के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अब रोमांच से भरी पैराशूट जंपिंग सीखना चाहते हैं। इसके लिए उन्होंने आगरा में आर्मी के पैरा ट्रेनिंग स्कूल (पीटीएस) में हाजिरी दर्ज कराते ही बड़ी फुर्ती दिखाते हुए ग्राउंड प्रैक्टिस शुरू कर दी है।
अपने अनोखे अंदाज में बल्ले को जोर से घुमाते हुए हेलीकॉप्टर शॉट लगाने के लिए मशहूर माही एयरफोर्स के जहाज से पैराशूट के साथ आसमान से छलांग भी लगाएंगे। ग्राउंड प्रैक्टिस पूरी होने पर उन्हें मलपुरा के पैरा ड्रापिंग जोन में तीन जंप कराई जाएंगी।
पैराशूट जंपिंग सीखने के लिए धोनी बुधवार को ही ताजनगरी पहुंच गए थे। गुरुवार शाम पीटीएस में हाजिरी दर्ज कराई। बगैर वक्त गंवाए उन्होंने ग्राउंड ट्रेनिंग शुरू कर दी। उन्हें सेना ने लेफ्टिनेंट कर्नल की मानद उपाधि दे रखी है।