आंध्र प्रदेश में एक शख्स की हत्या के चार आरोपियों की सरेआम पिटाई करने वाली महिला डीएसपी के खिलाफ जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
डीएसपी सुप्रजा ने 27 नवंबर को अपने ससुर मलैया (65) की हत्या के आरोप में शेखर नाम के शख्स को उसके तीन सहयोगियों सोमू, पेडन्ना और हुसैन के साथ गिरफ्तार किया था।
पुलिस इन चारों को शनिवार को अनंतपुर जिले के गुंटाकल कस्बे में उस जगह लेकर आई, जहां हत्या को अंजाम दिया गया था। यहां आरोपियों की सरेआम पिटाई की गई।
रविवार को घटना की टीवी चैनलों द्वारा सीसीटीवी फुटेज दिखाने के बाद से मामला काफी गरमा गया। सोमवार को राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ने महिला डीएसपी और अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई का निर्देश दिया।
डीजीपी बी प्रसाद राव ने कहा, ‘यह निंदनीय है। मैंने डीआईजी (अनंतपुर रेंज) को पुलिसकर्मियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है और हम जल्द ही कार्रवाई करेंगे। डीआईजी मामले की जांच करेंगे।’
फुटेज में डीएसपी सुप्रजा और बाकी तीन पुलिसकर्मियों को आरोपियों की सरेआम पिटाई करते हुए दिखाया गया है। फुटेज में चारों को घुटनों के बल बैठे हुए दिखाया गया है। जिसमें डीएसपी सुप्रजा, इंस्पेक्टर श्रीनिवासलु और एसआई इस्माइल आरोपियों को डंडे से पीटते नजर आ रहे हैं, जबकि एक पुलिसकर्मी चारों को थप्पड़ जड़ता हुआ दिखाई दे रहा है।