गुजरात चुनावों में ऐसे उम्मीदवारों को भी 'माननीय' बनने का मौका मिला है, जिनके खिलाफ अपहरण, हत्या, डकैती और जालसाजी जैसे संगीन मामले दर्ज है।
गुरुवार को चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद एक सामाजिक संगठन ने ऐसे उम्मीदवारों की सूची जारी की है। सूची में भाजपा के 8, कांग्रेस, एनसीपी और जेडीयू का एक-एक विधायक शामिल हैं।
दागी विधायकों की सूची में मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के करीबी और भाजपा के दिग्गज नेता अमित शाह भी शामिल हैं। शाह नरेनपुरा विधानसभा सीट से जीत कर आए हैं। उनके खिलाफ अपहरण और हत्या के दो मामले दर्ज हैं।
झगडिया विधान सभा सीट से जेडीयू के टिकट पर जीत कर आए छोटू वासवा के खिलाफ 28 मामले दर्ज हैं। क्रिमिनल केसेज के मामले में वे इस सूची मे अव्वल हैं। गौरतलब है कि वासवा प्रदेश में जेडीयू के एक मात्र विधायक हैं।
धोरजी विधान सभा सीट से जीते कांग्रेस के विट्ठल रादड़िया के खिलाफ 16 मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या के कोशिश और जान से मारने की धमकी जैसे मामले हैं। क्रिमिनल केसेज के मामले में वे सूची मे दूसरे स्थान पर हैं।
सूची में एनसीपी के एक विधायक भी शामिल हैं। कुटियाना से जीत कर आए कंधाल जडेजा पर छिनैती और जालसाजी जैसे 9 मामले दर्ज हैं।
भाजपा के अन्य विधायकों में दिलीप पटेल, बाबू जमना पटेल, लालजी मेर, जेठ बरवाड़, शंकर चौधरी, मधु श्रीवास और पुरुषोत्तम सोलंकी का नाम शामिल है।