गांधी नगर में पांच वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के बाद लोगों में जबरदस्त गुस्सा है।
ऐसे में वसंत विहार गैंगरेप के बाद खड़े हुए आंदोलन जैसे हालात बन सकते हैं।
आक्रोशित लोग सोनिया गांधी, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, मुख्यमंत्री शीला दीक्षित समेत दिल्ली सरकार के मंत्रियों के आवास पर हमला कर सकते हैं।
खुफिया विभाग ने दिल्ली पुलिस को शुक्रवार शाम इस तरह के इनपुट दिए हैं। इनपुट मिलने के बाद गृह मंत्रालय ने दिल्ली पुलिस के आला अधिकारियों की बैठक बुलाई और सुरक्षा चौकसी के सख्त निर्देश दिए।
एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, इनपुट मिलने के बाद जिला पुलिस को अलर्ट जारी कर दिया गया है। सोनिया गांधी, प्रधानमंत्री, शीला दीक्षित और राष्ट्रपति भवन की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
इसके साथ ही इंडिया गेट के आसपास भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है और नई दिल्ली की तरफ जाने वाले सभी रास्तों पर विशेष चौकसी रखी जा रही है।
अधिकारी के मुताबिक, वायरलेस सेट पर मैसेज देकर सभी पुलिसकर्मियों को सतर्क कर दिया गया है। संदेश मिलते ही जगह-जगह बैरीकेड लगाकर चेकिंग की जा रही है। इसमें संदिग्ध लोगों पर नजर रखी जा रही है।
नई दिल्ली में तैनात सभी पुलिस कर्मियों को सुबह आठ बजे तक ड्यूटी पर आने के आदेश जारी किए गए हैं। इसके अलावा अतिरिक्त फोर्स को भी नई दिल्ली इलाके में बुलाया गया है।