नवरात्रों में गंगनहर (अपर गंगा कैनाल) बंदी का प्रस्ताव टल जाने से टीएचए-नोएडा और दिल्ली को कुछ दिन के लिए राहत मिलने के बाद सोमवार से फिर मुश्किलें शुरू हो जाएंगी। आज रात से 20 दिन के लिए गंगनहर बंद हो जाएगी। ईद और दीपावली पर भी टीएचए के लोगों को गंगाजल नहीं मिल पाएगा। हालांकि गंगनहर बंदी के दौरान नगर निगम ने अपने संसाधनों से वाटर सप्लाई सुचारु रखने का दावा किया है।
गंगनहर की सफाई के लिए सिंचाई विभाग ने 15 अक्टूबर से 12 नवंबर तक क्लोजर मांगा था। लेकिन दिल्ली-यूपी और उत्तरांचल के आला अफसरों की वार्ता के बाद इसे 22 अक्टूबर तक टाल दिया गया। अब आज रात 12 बजे से गंगनहर बंद होगी। नहर बंदी के दौरान सिंचाई विभाग सिल्ट की सफाई कराने के साथ-साथ बरसात के दौरान डैमेज हो चुकी पुलिया की मरम्मत कराएगा।
सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता राकेश कुमार यादव का कहना है कि सोमवार से बंद की जा रही गंगनहर अब 12 नवंबर की रात को चालू होगी। इस दौरान दिल्ली-नोएडा के साथ टीएचए को मिलने वाले गंगाजल पर भी ब्रेक लग जाएगा। प्रताप विहार में बना गंगाजल वाटर प्लांट भी 20 दिन के लिए ठप हो जाएगा। इसका सबसे ज्यादा असर हॉटसिटी पर पड़ेगा। गंगाजल के भरोसे रहने वाली टीएचए की नौ कॉलोनियों के लाखों लोगों को गंगाजल नहीं मिलेगा।
नगर निगम कर रहा है वैकल्पिक इंतजाम
नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि वसुंधरा, वैशाली, कौशांबी में लगी ट्यूबेलों से वाटर सप्लाई की जाएगी। जीएम जलकल बाबूलाल का कहना है कि गंगाजल आपूर्ति बंद होने की अवधि में वाटर सप्लाई सुबह-शाम एक-एक घंटा की जाएगी।
लोगों को खरीदना ही पडे़गा ड्रिंकिंग वाटर
गंगाजल आपूर्ति ठप होने के दौरान नगर निगम भले ही ट्यूबेलों से वाटर सप्लाई करे, लेकिन टीएचए के लोगों को प्यास बुझाने के लिए बोतल बंद पानी खरीदना पड़ेगा। ग्राउंड वाटर खारा होने की वजह से निगम की ओर से सप्लाई किए जाने वाले पानी का पीने में इस्तेमाल करना मुश्किल होगा।
इन कॉलोनियों में होगी पेयजल की किल्लत
इंदिरापुरम, वैशाली, वसुंधरा, कौशांबी, रामप्रस्थ, रामपुरी, ब्रिजविहार, चंद्रनगर, सूर्य नगर