पिछले एक महीने से मुंबई के अस्पताल में भर्ती एसिड हमले की शिकार दिल्ली निवासी युवती शनिवार को आखिरकार जिंदगी की जंग हार गई।
अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, दायें फेफडे़ के बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के चलते प्रीति राठी (23) को दो हफ्ते से वेंटिलेटर पर रखा गया था। उसे सांस लेने में काफी मुश्किलें आ रही थीं।
कोलाबा के नौसेना अस्पताल ‘आईएनएस अश्विनी’ में बतौर स्टाफ नर्स ज्वाइन करने प्रीति 2 मई को अपने पिता और रिश्तेदारों के साथ इस शहर में आई थी।
जैसे ही वह गरीब रथ ट्रेन से बांद्रा टर्मिनस रेलवे स्टेशन पर पहुंची, उसके ऊपर एक अज्ञात शख्स एसिड फेंककर भाग गया। प्रीति को तत्काल अस्पताल ले जाया गया।
डॉक्टरों ने उसके एसिड से जले हुए जख्मों को भरने की बहुतेरा कोशिश की, मगर उसके घावों से खून का रिसाव होना बंद नहीं हुआ। उसकी किडनी में भी दिक्कतें पैदा हो गईं। डॉक्टर उसकी जली हुई जगहों पर नई त्वचा लगाने पर विचार कर रहे थे कि उसकी मौत हो गई।