गैंगरेप मामले की सुनवाई कर रही अदालत से घटना का शिकार हुई युवती की पहचान का खुलासा करने की मांग की गई। इसे लेकर अच्छा खासा हंगामा हुआ।
स्वामी ओम जी नाम के शख्स ने शनिवार को अपने एक आवेदन में अदालत से कहा कि युवती के बारे में पूरा ब्योरा उजागर किया जाना चाहिए। इसके अलावा चार्जशीट की प्रतियां भी प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में जारी की जानी चाहिए। कई लोगों ने इसका विरोध किया।
खुद को दुष्कर्म के मामलों से जुड़े एक संगठन का संस्थापक बताते हुए इस व्यक्ति ने आवेदन में कहा कि मैं भारत का नागरिक हूं। घटना का शिकार हुई युवती देश की बेटी थी। उसके मित्र ने टीवी पर आकर अपनी बात रख दी है। ऐसे में अब कुछ भी छिपाने की जरूरत नहीं रह गई है। उसने मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट नम्रता अग्रवाल की अदालत में यह आवेदन दिया।
हालांकि अभियोजन पक्ष ने उसकी मांग का तीखा विरोध किया कि युवती के मित्र का इंटरव्यू दिखाने वाले चैनल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मजिस्ट्रेट ने स्वामी ओम जी को अपना यह आवेदन सत्र अदालत में दाखिल करने के लिए कहा है।