दिल्ली में चलती बस में सामूहिक बलात्कार की पीड़िता के लिए इंसाफ की मांग को लेकर हो रहे प्रदर्शन का समर्थन करते हुए समाजसेवी अन्ना हजारे ने रविवार को ऐसे मामलों के लिए कठोर कानून एवं त्वरित सुनवाई की मांग की।
हजारे ने महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले में अपने पैतृक गांव रालेगण सिद्धि में कहा कि प्रदर्शन के लिए सड़कों पर उतरे युवक राष्ट्रभक्त हैं। उनका गुस्सा और प्रदर्शन का अहिंसक तरीका दर्शाता है कि उन्हें देश के लोकतांत्रिक प्रणाली एवं संविधान में पूरा विश्वास है।
अन्ना ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में पैरामेडिल छात्रा से सामूहिक बलात्कार की घटना से यह स्पष्ट होता है कि अपराधी और असामाजिक तत्व सरकारी मशीनरी से नहीं डरते।
ऐसे में सरकार को महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों को गंभीर सजा देने के लिए कानून में बदलाव लाकर उसे कठोर बनाना होगा। साथ ही इस तरह के मामलों की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में होनी चाहिए।