दिल्ली गैंगरेप मामले में छठे आरोपी अक्षय ठाकुर को पुलिस ने बिहार के औरंगाबाद जिले से गिरफ्तार किया है। बिहार पुलिस और दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीम ने अक्षय को उसके घर से गिरफ्तार किया। इसके साथ ही दिल्ली पुलिस इस मामले में शामिल सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
इससे पहले राजधानी दिल्ली के पुलिस आयुक्त नीरज कुमार और गृह सचिव आरके सिंह ने इस मामले पर हुई ताजा कार्रवाई की जानकारी दी । गृह सचिव ने बताया कि इस मामले पर चार्जशीट जल्द ही होगी और इस मामले पर तुरंत सुनवाई होगी।
उनका कहना था कि हम इस मामले की जल्द सुनवाई की कोशिश करेंगे। हमारी अपील होगी कि इस मामले की प्रतिदिन सुनवाई हो। हम चाहेंगे कि ज्यादा से ज्यादा सजा हो। दोषियों के लिए हम उम्रकैद की मांग करेंगे।
नीरज कुमार ने बताया कि आरोपियों पर हत्या की कोशिश का केस लगाया गया है। इससे पहले शुक्रवार को ही दिल्ली पुलिस द्वारा सौंपी गई स्टेटस रिपोर्ट पर कोर्ट ने उसे कड़ी फटकार लगाई और 9 जनवरी तक विस्तृत स्टेटस रिपोर्ट पेश करने के लिए कहा।
पीड़िता की हालत अब भी नाजुक
सफदरजंग अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रही युवती को जीवन रक्षक उपकरण से जरुर हटाया गया है लेकिन खतरा अभी भी पूरी तरह से बना हुआ है। वह स्वंय सांस ले रही है, लेकिन उसे कृत्रिम तौर पर ऑक्सीजन दी जा रही है।
अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बी.डी.अथाणी ने बताया कि बिना प्लेटलेट्स चढ़ाए युवती का प्लेटलेट्स 41 हजार से 61 हजार पर पहुंचा है। यह अच्छा संकेत है। प्लाजमा भी नहीं चढ़ाया गया है। नस के सहारे खाने के लिए तरल पदार्थ दिया जा रहा है। पीड़िता को इंट्रावेनस रुट से खाने में कैल्शियम, प्रोटीन और फैट उचित मात्रा में दी जा रही है।
चिंता की वजह
इलाज कर रहे चिकित्सकों के मुताबिक जीवन रक्षक उपकरण से पीड़िता को हटाने उसके स्वास्थ्य की दृष्टि से अच्छी बात है। वेंटिलेटर से नहीं हटाने पर निमोनिया का खतरा बना रहता। लेकिन बिलीरुबिन लेवल बढ़ने से खतरा बढ़ गया है। लीवर सौ फीसदी कार्य नहीं कर पा रहा है।
चिकित्सकों ने बताया कि व्हाइट ब्लड सेल्स (डब्ल्यूबीसी) काउंट में जबरदस्त गिरावट आई है। डब्ल्यूबीसी काउंट 15 हजार पर पहुंच गया है जबकि कम से कम 4000 सामान्य तौर पर होना चाहिए। चिकित्सकों का कहना है कि डब्ल्यूबीसी काउंट कम होने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता में कमी आ जाती है। लिहाजा यह अच्छे संकेत नहीं हैं। डॉ. एम.सी.मिश्रा ने कहा कि डब्ल्यूबीसी काउंट कम होना चिंता का कारण बना हुआ है।
एक आरोपी नाबालिग भी?
दक्षिण जिला पुलिस ने पांचवें आरोपी राज (बदला हुआ नाम) को पकड़ा लिया है। राज रामसिंह व अक्षय ठाकुर के साथ छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मुख्य आरोपी है। आरोपी नाबालिग है और उसकी उम्र 17 वर्ष और कुछ महीने हैं। पुलिस ने शुक्रवार को उसे जुबेनाइल जस्टिस बोर्ड के जज के घर पर पेश किया, जहां से उसे सेवा कुटीर भेज दिया गया। हालांकि दिल्ली पुलिस आयुक्त का कहना है कि आरोपी की उम्र की जांच की जा रही है।
फेसबुक एक्टिविस्ट सड़क पर उतरे
फेसबुक पर अपने विचार और प्रतिक्रिया से बात न बनती देख हजारों फेसबुक एक्टिविस्ट दिल्ली गैंगरेप का विरोध जताने सड़क पर उतरे। बेशक इन लोगों की मित्रता फेसबुक के माध्यम से लंबे समय से रही हो और आपस में कभी नहीं मिले हो, लेकिन दिल्ली में हुए गैंग रेप के खिलाफ जंतर मंतर पर हुए प्रदर्शन में एक-दूसरे से मिले।
इन्होंने प्रदर्शन कर पीड़िता की सलामती के लिए दुआ के साथ ही दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग की। फेसबुक पर गठित टीम फेस टू फेस के बैनर तले हुए इस प्रदर्शन में विभिन्न वर्गो के सैकड़ों लोगों ने भाग लेते हुए आक्रोश प्रदर्शित किया।