बालीवुड स्टार अमिताभ बच्चन और केबीसी के क्रिएटिव हेड सिद्धार्थ वासु के खिलाफ यूपी के मुरादाबाद की अदालत में एक अधिवक्ता ने मानहानि का केस दर्ज कराया है।
केस में सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन और यू ट्यूब को भी पार्टी बनाया गया है। अदालत ने केस दर्ज कर सुनवाई के लिए 23 सितंबर की तारीख मुकर्रर की है। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ममता गुप्ता की अदालत में यह केस महानगर के अधिवक्ता सीमाब ने दर्ज कराया है।
अधिवक्ता ने केस में उस विज्ञापन पर आपत्ति उठाई है जो केबीसी के प्रचार के लिए दिखाया जा रहा है। विज्ञापन में एक वकील के चैंबर पर 50 प्रतिशत रियायत का बोर्ड लगे होने और अभियुक्त द्वारा हार जाने पर वकील को थप्पड़ मारे जाने के दृश्य पर आपत्ति उठाई गई है।
याचिका में कहा गया है कि जिसे थप्पड़ मारा गया वो वकील की यूनिफार्म में था। इस विज्ञापन से अधिवक्ता समाज की गरिमा को ठेस पहुंची है। ये पूरे वकालत पेशे को अपमानित करने जैसा है। अदालत ने याचिका को स्वीकार करते हुए सुनवाई के लिए 23 सितंबर की तारीख मुकर्रर की है।