भारतीय महिला क्रिकेट टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए आगरा की दीप्ति शर्मा ने विश्व रिकार्ड कायम किया है। एक वन-डे मैच में सर्वाधिक विकेट प्राप्त करने वाली खिलाड़ियों की सूची में वह पहले स्थान पर काबिज हो गई हैं। शुक्रवार को रांची में श्रीलंका के खिलाफ खेले गए तीसरे वन-डे में दीप्ति ने 9.2 ओवर में 20 रन देकर छह विकेट प्राप्त किया। एक मेडन ओवर भी फेंका।
दीप्ति ने तीन मैचों की शृंखला में 12 विकेट प्राप्त किए। पहले में दो, दूसरे में चार और तीसरे मैच में उन्होंने छह विकेट लिए। दीप्ति से पहले एक वन-डे मैच में सर्वाधिक विकेट प्राप्त करने का रिकार्ड वेस्टइंडीज की खिलाड़ी एससी सेलमैन के नाम था।
उन्होंने शारजाह में न्यूजीलैंड के खिलाफ 10 ओवर में 15 रन देकर पांच विकेट लिए थे। नौवें स्थान पर आगरा की पूनम यादव हैं, जो कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सदस्य हैं। दीप्ति और पूनम का चयन टी-20 वर्ल्डकप के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम में हुआ है। 15 मार्च से श्रीलंका में वर्ल्डकप खेला जाएगा।