राजस्थान में पांच लोग और स्वाइन फ्लू का शिकार बन गए। इस तरह यहां इस बीमारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 73 हो गई।
यह जानकारी राज्य के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से शुक्रवार को दी गई। मौत आंकड़ा लगातार बढ़ने से राज्य सरकार ने टास्क फोर्स गठित करने के निर्देश दिए हैं।
जन स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक बीआर मीणा ने बताया कि बृहस्पतिवार को जोधपुर, अजमेर, चित्तौड़गढ़, बाड़मेर और बांसवाड़ा में एक-एक की मौत स्वाइन फ्लू से हुई।
मीणा के मुताबिक एक जनवरी से पांच फरवरी के बीच कुल 497 लोग एच1एन1 पॉजिटिव यानी स्वाइन फ्लू से पीड़ित पाए गए थे। इनमें से 73 लोगों की मौत हो चुकी है।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव मुकेश शर्मा ने कहा कि विभाग डोर टू डोर सर्वे करवा रहा है और ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लोगों को इसको लेकर जागरूकता अभियान चला रहा है।
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने मंगलवार को उच्च स्तरीय समीक्षा बैठकी की थी। उन्होंने स्वाइन फ्लू पर नियंत्रण के लिए राज्य, मंडल और जिला स्तर पर टास्क फोर्स गठित करने के निर्देश दिया है।