श्चिम बंगाल के नदिया जिले की एक अदालत ने एक महिला की हत्या के मामले में तृणमूल कांग्रेस के एक स्थानीय नेता लंकेश्वर घोष समेत 11 अभियुक्तों को फांसी की सजा सुनाई है। कृष्णनगर अदालत ने 14 महीने पहले के अपर्णा बाग नामक एक महिला की हत्या के मामले में बृहस्पतिवार को यह फैसला सुनाया।
सरकारी वकील विकास मुखर्जी ने बताया कि अदालत ने इसे एक दुर्लभ से दुर्लभतम घटना मान कर सभी अभियुक्तों को फांसी की सजा सुनाई है। सरकारी वकील ने अदालत में दलील दी कि 23 नवंबर, 2014 को तृणमूल नेता लंकेश्वर घोष के नेतृत्व में अभियुक्तों ने उस महिला की हत्या की नीयत से उस पर बम और गोलियों से हमला किया था।
उनका मकसद उस महिला की जमीन पर कब्जा करना था। मुखर्जी की दलील थी कि इन हमलावरों और आतंकवादियों में कोई अंतर नहीं है। इसलिए उनको कड़ी से कड़ी सजा दी जानी चाहिए। अदालत ने उनकी दलीलों को स्वीकार करते हुए सभी अभियुक्तों को फांसी की सजा सुनाई है। दूसरी ओर, बचाव पक्ष के वकील ने कहा है कि इस सजा को ऊपरी अदालत में चुनौती दी जाएगी।