ब्रिटेन में रहने वाली भारतीय मूल की नेहल भौगेता ने इतिहास रचते हुए एक
ब्यूटी कांटेस्ट में मिस इंडिया वर्ल्ड वाइड का खिताब अपने नाम किया है।
यह खिताब इसलिए खास है क्योंकि सौंदर्य प्रतियोगिता जीतने वाली वह पहली बधिर सुंदरी हैं। आईएफसी के आयोजक धर्मात्मा सरन ने बताया कि पहली बार कोई बधिर प्रतियोगी इस मुकाम पर पहुंची है।
नेहल अब बधिर और विकलांग लोगों के लिए एक रोल मॉडल बन गई हैं। पिछले सप्ताह कुआलालंपुर में आयोजित सौंदर्य प्रतियोगिता में नेहल ने बॉलीवुड के एक गीत पर प्रस्तुति दी थी।
हालांकि वह सुनने में असमर्थ है, बावजूद इसके उसने गीत के कंपन पर शानदार प्रस्तुति दी, जिससे उसकी ललक और जीवटता झलकती है। दूसरे स्थान पर मलेशिया की जसवीर कौर संधू और तीसरे स्थान पर ओमान की सुरभि सचदेवा रही।