चुनाव आयोग ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सिफारिश पर दतिया के कलेक्टर, एसपी, एसडीएम और एसडीओपी बदल दिए गए हैं। एम. रघुराज को दतिया का नया कलेक्टर बनाया गया है।
आरके मराठे को नया एसपी, एमके दौलतानी को नया एसडीएम और एमपी शर्मा को नया एसडीओपी नियुक्त किया गया है। अब जल्दी ही रतनगढ़ हादसे के लिए जिम्मेदार माने जा रहे अन्य पुलिसकर्मियों को हटाए जाने की संभावना है।
पहले मुख्यमंत्री ने कलेक्टर, एसडीएम, एसपी और एसडीओपी को निलंबित करने के लिए चुनाव आयोग से आग्रह किया था।
दतिया (म.प्र) के रतनगढ़ देवी मंदिर में रविवार को हुए हादसे के बाद लाशे मिलने का सिलसिला अब भी जारी है। मरने वालों की संख्या 119 पर पहुंच गई है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दतिया पहुंचकर कहा कि चुनाव आयोग ने जो अनुमति दी थी उसी के अनुरूप सहायता देने का फैसला किया गया है। उन्होंने कहा कि मंगलवार को ही जांच आयोग बन जाएगा।
सरकार आग्रह करेगी कि दो माह में जांच पूरी कर ली जाए और जांच पूरी होने के बाद पंद्रह दिनों में इस पर कार्रवाई पूरी की जाए। कांग्रेस के नेताओं ने जिस तरह से शिवराज सिंह सरकार पर हमला बोला था उससे लग रहा था कि मुख्यमंत्री बड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कांग्रेस के चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया ने वर्ष 2006 में हुई दुर्घटना पर सवाल उठाए हैं। सिंधिया ने यह भी कहा कि ट्रेक्टर आदि वाहनों को पुल के दोनों तरफ क्यों ले जाने दिया गया।
सिंधिया ने कहा कि म.प्र. की सरकार इस दुर्घटना के लिए जिम्मेदार है। उमा भारती को चुनाव आयोग से रतनगढ़ जाने की अनुमति नहीं मिल पाई। उमा भारती ने दतिया जाने के लिए अनुमति मांगी थी।