इस्लामी शिक्षण संस्थान दारुल उलूम देवबंद ने अपने परिसर में कैमरे वाले मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा दिया है। दारुल उलूम के उपकुलपति मौलाना अब्दुल खलीक ने कहा कि छात्रों को सख्त निर्देश दिया गया है कि अगर उन्हें कैमरे वाले मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए पाया गया तो उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
दारुल उलूम प्रबंधन ने रविवार को छात्रावास से कैमरे वाले 14 मोबाइल फोन बरामद किए गए थे। मल्टी मीडिया मोबाइल पकड़े जाने की घटना के बाद प्रबंधन सख्त हो गया और मोबाइल फोन को अपने कब्जे में लेकर तोड़ दिया। इसके बाद से संस्थान परिसर में कैमरे वाले मोबाइल फोन पर बैन लगा दिया गया है।
खलीक ने कहा कि कैमरा और वीडियो फीचर वाले फोन रखने से छात्रों की पढ़ाई पर बुरा असर पड़ता है। जिन छात्रों से ऐसे मोबाइल फोन मिले हैं, उन्हें चेतावनी दी गई है कि अगली बार अगर उनके पास ऐसे फोन मिले तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।