अमेरिका में होने जा रहा आम चुनाव देश के इतिहास का सबसे महंगा चुनाव होगा। इस चुनाव में कुल छह अरब डॉलर खर्च होने का अनुमान है। खाली राष्ट्रपति चुनाव पर ही 2.6 अरब डॉलर खर्च होने का अनुमान है। अमेरिका में 6 नवंबर को चुनाव होना है। वहां नियमों के अनुसार, 50 दिन पहले ही मतदान शुरू हो चुकी है।
सेंटर फॉर रिसपांसिव पॉलिटिक्स नाम के एक थिंक टैंक ने बुधवार को जारी एक रिपोर्ट में कहा है कि चार साल पहले हुए चुनाव की तुलना में इस बार 70 करोड़ डॉलर अधिक खर्च होंगे। रिपोर्ट के अनुसार जैसे जैसे चुनाव नजदीक आता जा रहा है खर्च बढ़ता जा रहा है। रिपोर्ट जारी करते हुए थिंक टैंक की कार्यकारी निदेशक शीला क्रूमहोल्ज ने कहा, ‘चुनावी खर्च में ऐतिहासिक वृद्धि देखने को मिल रही हैं’।
बाहरी समूह खर्च में असाधारण योगदान कर रहे हैं और इन समूहों में कुछ व्यक्तियों और संगठनों का बोलबाला है। रिपोर्ट में कहा गया है कि इन समूहों द्वारा राष्ट्रपति चुनाव के दोनों उम्मीदवारों के पक्ष और विपक्ष में किया जाने वाला खर्च सितंबर महीने के शुरुआती हफ्तों में 1.9 करोड़ अमेरिकी डॉलर था, जो अक्टूबर के शुरुआती हफ्तों में 3.3 करोड़ अमेरिकी डॉलर हो गया और 21 अकटूबर से शुरू हुए हफ्ते में यह बढ़कर सात करोड़ डॉलर हो गया।
रिपोर्ट के अनुसार अकेले राष्ट्रपति चुनाव पर 2.6 अरब डॉलर का खर्च अनुमानित है। हालांकि यह 2008 में हुए खर्च से कम है, तब 2.8 अरब डॉलर खर्च हुए थे। साथ ही थिंक टैंक ने कहा है कि अमेरिकी कांग्रेस के चुनाव में होने वाले खर्च में भी मामूली वृद्धि हो सकती है।