दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान बुधवार को हुए बवाल, आगजनी, तोड़फोड़ तथा हमले के बाद फैजाबाद में शुक्रवार को दूसरे दिन कर्फ्यू जारी रहा। दिन भर छिटपुट घटनाओं के बीच शांति के बाद शाम को पूराकलंदर थानाक्षेत्र के भदरसा कस्बे के आसपास के कई गांवों में उपद्रवियों ने आगजनी की।
उपद्रवियों की भीड़ भदरसा कस्बे में पहुंच गई। एक टेंट हाउस में आगजनी के बाद बाजार में पथराव शुरू हो गया। पीड़ित गांव व बस्तियों के लोगों में भगदड़ मच गई। मंडलायुक्त समेत आला अधिकारी व पैरामिलेट्री फोर्स, आधा दर्जन फायर टेंडर समेत अग्निशमन कर्मी क्षेत्र में पहुंच गये।
दिन भर शहर से गांव तक अधिकारियों के नेतृत्व में फोर्स ने मार्च किया और सुरक्षा का भरोसा दिलाने की कोशिश की गयी। प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच विभिन्न मस्जिदों में जुमे की नमाज अदा करायी। शनिवार को बकरीद पर्व को लेकर कर्फ्यू जारी रहने की संभावना है। पूरे प्रकरण में अलग-अलग तहरीरों पर 13 मामले दर्ज किए गए हैं और पुलिस ने 26 लोगों को गिरफ्तार किया है। बाकी की गिरफ्तारी के लिए रात में दबिश की तैयारी है।
शुक्रवार को जुमे की नमाज के चलते सुबह से ही पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी थी। शहर की सड़कों पर डेरा डाले जवान गलियों में लोगों को खदेड़ते नजर आए। कई दौर मंथन के बाद नमाज के दौरान कर्फ्यू में ढील न देकर नमाज अदा कराने का निर्णय लिया गया और प्रशासन ने समुदाय के प्रमुख लोगों की मदद से मस्जिदों में नमाज अदा कराई।
दिन भर पुलिस व प्रशासन के अधिकारी क्षेत्र का भ्रमण कर हालात का जायजा लेते रहे। जुमे की नमाज का वक्त शुरू होने के पहले ही आरएएफ, सीआरपीएफ समेत फोर्स ने अलग-अलग क्षेत्रों में शहर से गांव तक पैदल मार्च किया। गुरुवार की रात 13 लोगों की ओर से दी गयी तहरीरों के आधार पर कोतवाली पुलिस ने दंगा भड़काने, आगजनी, उपद्रव, धार्मिक भावनायें भड़काने, 4 सीएलए समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। साथ ही दबिश देकर 26 लोगों को हिरासत में लिया है।
शहर के लालकुर्ती में दो समुदाय के युवकों के बीच संघर्ष हुआ व मौके पर फोर्स तैनात की गई है। इस्माइलगंज में क्रिकेट मैच के दौरान दो समुदाय के युवकों के बीच मारपीट हुई। मौके पर पहुंची पुलिस पर एक धर्मस्थल से पथराव किया गया। देर शाम पूराकलंदर थाना क्षेत्र के फुलवरिया गांव में उपद्रवियों ने घरों में आगजनी शुरू कर दी।