एमआईएम के नेता अकबरुद्दीन ओवैसी की मुश्किलें कम होती नहीं दिख रही हैं। भड़काऊ भाषण देने के एक मामले में 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजे गए ओवैसी को अब इसी तरह के एक अन्य मामले में स्थानीय कोर्ट ने समन जारी कर 4 फरवरी को पेश होने का आदेश दिया है।
इस मामले में अकबरुद्दीन की तरफ से दो वरिष्ठ वकील डीवी सीताराम मूर्ति और रामचंद्र राव कोर्ट में पेश हुए। इस पर न्यायाधीश ने कहा कि आपने राम को भी नहीं बख़्शा और आज दो-दो राम आप को बचाने आ गए हैं।
एलबी नगर की मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट कोर्ट ने बलराम ईश्वर यादव की शिकायत पर संज्ञान लिया। यादव ने एक ऑनलाइन वीडियो देखने के बाद ओवैसी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। वीडियो में एमआईएम नेता ने कथित रूप से एक संप्रदाय विशेष के खिलाफ उकसाने वाला भाषण दिया था।
8 जनवरी को गांधी अस्पताल से गिरफ्तार ओवैसी के खिलाफ पिछले माह दिए भड़काऊ भाषण के मामले में देशद्रोह, आपराधिक षड्यंत्र और अन्य आरोपों में मामला दर्ज किया गया है। एमआईएम विधायक ओवैसी को आदिलाबाद जिला जेल में रखा गया है। इस मामले की सुनवाई बृहस्पतिवार को होगी।