अपने पहले विदेश दौरे पर भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पसंदीदा गुजराती खाना ही खाया। वह दो दिनों की भूटान यात्रा पर थे। यात्रा के पहले दिन रविवार को भूटान सरकार ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान भारतीय प्रधानमंत्री को किसी तरह की कोई परेशानी नहीं हो इसका विशेष ध्यान रखा गया।
लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी कि भूटान दौरे के दौरान भी मोदी को भारतीय खाने का स्वाद मिले इसके लिए खास तैयारी की गई। जिससे उन्हें विदेश दौरे पर भी घर का बना खाना मिल सके। इसके लिए खास तौर पर दिल्ली से एक खाना बनाने वाले को भूटान भेजा गया।
एक हफ्ते पहले भेजा गया भूटान
दिल्ली के गुजरात भवन से भेजे गए इस खानसामे की जिम्मेदारी मोदी के लिए शाकाहारी खाना बनाने की थी। ये खानसामा एक हफ्ते पहले ही भूटान पहुंच गया था।
दरअसल, मोदी को घर के बने खाने से ही प्यार है। उन्हें बाहर का खाना पसंद नहीं है। इसीलिए भूटान दौरे पर भी भारतीय खानसामा ने उनके लिए खाना बनाने की जिम्मेदारी संभाली।
अपने दो दिन के दौरे पर नरेंद्र मोदी रविवार को भूटान पहुंचे। जहां होटल ताज ताशी में उनके ठहरने की व्यवस्था की गई। मोदी और उनके प्रतिनिधियों के ठहरने के लिए 50 कमरे बुक किए गए।
मोदी को पसंद है भारतीय खाना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुद्ध शाकाहारी खाना पसंद करते हैं। इसलिए होटल प्रबंधन ने उनके लिए अपने मेन्यू में शाकाहारी खाने को खास तवज्जो दी। जिसमें गुजराती व्यंजनों को खास तौर से शुमार किया गया।
मोदी हमेशा से घर के खाने को तरजीह देते रहे हैं। उन्हें घरेलू खाना किस कदर पसंद है इसका अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि आम चुनावों के दौरान मोदी दिनभर चुनाव प्रचार के बाद रात में अहमदाबाद जरूर लौट जाते थे। जिससे उन्हें घर का खाना मिल सके।
और अगर वो किसी वजह से दिल्ली में रुकते थे तो वो केवल गुजरात भवन का ही खाना पसंद करते थे।