मल्टीपल कनेक्शन वाले रसोई गैस उपभोक्ताओं के लिए एक अच्छी खबर है। ऐसे उपभोक्ता जिन्होंने अब तक नो योर कस्टमर (केवाईसी) फॉर्म नहीं भरा है, वे अब 31 दिसंबर तक इसे भर सकते हैं। नई वितरण व्यवस्था के बाद मल्टीपल कनेक्शन के लिए अनिवार्य केवाईसी सत्यापन की मियाद बढ़ा दी गई है। शुक्रवार देर शाम केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्रालय ने उपभोक्ता हितों का हवाला देते हुए ये फैसला किया। अभी तक ये फॉर्म 30 नवंबर तक ही भरे जाने थे। तेल कंपनियां शनिवार को केवाईसी फॉर्म भरने की बढ़ी मियाद की औपचारिक घोषणा करेंगी।
ऑल इंडिया एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर फेडरेशन के यूपी अध्यक्ष डीपी सिंह ने बताया कि फेडरेशन ने पेट्रोलियम और तेल मंत्रालय को पत्र भेजकर केवाईसी फॉर्म भरने की 30 नवंबर को खत्म हो रही मियाद को बढ़ाने का अनुरोध किया था। शुक्रवार शाम सात बजे तक तेल मंत्रालय के अधिकारियों और फेडरेशन पदाधिकारियों के बीच दिल्ली में हुई वार्ता के बाद केवाईसी सत्यापन की समय-सीमा बढ़ाने पर सहमति बनी। इसके बाद मंत्रालय ने इसे 31 दिसंबर तक बढ़ा दिया।
दूसरी तरफ तेल कंपनियों से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि केवाईसी सत्यापन तारीख 31 दिसंबर तक बढ़ने की औपचारिक सूचना अब शनिवार को ही डीलरों और एजेंसी संचालकों के जरिए उपभोक्ताओं को मिलेगी। भारत पेट्रोलियम से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि 30 नवंबर शाम तक केवाईसी सत्यापन के आधार पर आई सूचनाओं को अब केंद्रीकृत स्तर पर तैयार होने वाले नए सॉफ्टवेयर में अगले दो दिनों में अपडेट किया जाएगा। इस आधार पर चिह्नित मल्टीपल कनेक्शनों पर सब्सिडी वाले घरेलू सिलेंडर देने पर रोक लगेगी।
गैस एजेंसियों पर पूरे दिन रही भीड़
केवाईसी फॉर्म का सत्यापन कराने की मियाद खत्म होने की चिंता के कारण शुक्रवार को शहरी और ग्रामीण इलाकों में संचालित अधिकांश गैस एजेंसियों पर भीड़ लगी रही। कुछ एजेंसी संचालकों ने अपने स्तर पर उपभोक्ताओं को परेशानी से बचाने के लिए केवाईसी फॉर्म भरने के लिए अलग से काउंटर खोलकर कर्मचारी भी तैनात कर रखे थे।