कैग पर हमला बोलने के लिए विपक्ष की ओर से हो रही आलोचना के बीच शनिवार को कांग्रेस ने कहा कि वह कैग के बोलने पर प्रतिबंध नहीं लगा रही है। पार्टी ने कहा है कि कैग को चाहिए कि वह बोलने से पहले उचित तथ्य रखे।
कांग्रेस प्रवक्ता रेणुका चौधरी ने कहा है कि हम यह नहीं कर रहे कि कैग की ओर से कहा गया हर शब्द गलत है और उसे अपना मुंह नहीं खोलना चाहिए। चौधरी ने कहा कि कांग्रेस बस इतना चाहती है कि कैग कुछ भी कहने से पहले उसके बारे में उचित तथ्य प्रस्तुत करे। वह पहले सोचे-समझे और फिर बोले।
उन्होंने कहा कि कोल ब्लॉक आवंटन मामले में कैग ने ऑडिटिंग के साथ ही अपने विचार भी व्यक्त किए थे, लेकिन अब सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि सरकार ने जो कुछ भी किया था उसमें कुछ भी गलत नहीं है। इस बीच, भाजपा प्रवक्ता निर्मला सीतारमण ने कांग्रेस और सरकार पर हमला बोलते हुए कहा है कि किसी गलत फैसले को सही ठहराने और किसी संवैधानिक संस्था की छवि धूमिल करने के लिए किसी फैसले का उपयोग नहीं किया जाना चाहिए।