जयपुर के चिंतन शिवर की तैयारी में जुटी कांग्रेस ने संकेत दिया है कि वर्ष 2014 का लोकसभा चुनाव राहुल गांधी के नेतृत्व में लड़ा जा सकता है। केंद्रीय सूचना व प्रसारण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मनीष तिवारी ने कहा कि राहुल गांधी हमारे नेता हैं और हम उम्मीद करते हैं कि वे अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में पार्टी का नेतृत्व करेंगे।
कांग्रेस पहले ही साफ कर चुकी है कि पार्टी में सोनिया गांधी के बाद दूसरे स्थान पर राहुल गांधी हैं। इसके अलावा कांग्रेस लगातार कहती रही है कि राहुल को जल्दी ही बड़ी भूमिका सौंपी जाएगी। माना जा रहा है कि जयपुर में 18 जनवरी से शुरू हो रहे चिंतन शिविर में राहुल की नई भूमिका को लेकर ऐलान हो सकता है।
आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा की ओर से नरेंद्र मोदी को पीएम पद के उम्मीदवार के रूप में पेश किए जाने की संभावना के मद्देनजर कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किए जाने के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में तिवारी ने कहा कि संस्थागत व्यवस्था मौजूद है और फिलहाल कांग्रेस अध्यक्ष व प्रधानमंत्री के बीच शासन प्रणाली पिछले नौ साल से सफलतापूर्वक चल रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि पिछले कुछ समय से यह मांग की जा रही है कि राहुल गांधी को पार्टी व सरकार दोनों मामलों में ज्यादा सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।