नरेंद्र मोदी की मां के ऑटो रिक्शा से यात्रा करने और छोटे से कमरे में रहने से कांग्रेस नेता राशिद अल्वी बुधवार को काफी व्यथित नजर आए। उन्होंने भाजपा के पीएम उम्मीदवार को पत्र लिखकर उनकी मां की देखभाल करने का प्रस्ताव दिया है।
अल्वी ने आरोप लगाया है कि मोदी पैसे और सफलता के चक्कर में अपनी मां को आरामतलब जिंदगी मुहैया करा पाने में नाकाम रहे हैं।
राशिद बोले मैं रखूंगा मां का ख्याल
मोदी को लिखे पत्र में अल्वी ने कहा, ‘मुझे समझ में नहीं आता है कि कैसे आप अपनी मां को आरामपसंद जिंदगी नहीं दे सके, जिन्होंने आपके भविष्य को बेहतर करने के लिए अपनी पूरी जिंदगी लगा दी। आपकी मां मेरी मां जैसी ही हैं। मैं उनका बहुत सम्मान करता हूं।
मैं आप जितना साधन-संपन्न तो नहीं हूं, मगर आपसे विनम्र आग्रह करता हूं कि आप मुझे इजाजत दें ताकि मैं अपनी क्षमता के मुताबिक उनको आरामतलब जिंदगी के लिए सभी जरूरी सुविधाएं मुहैया करा सकूं।’
राशिद का सियासी कदम
कांग्रेस नेता ने कहा कि मोदी अक्सर अपने चुनाव प्रचार अभियानों के दौरान अपनी मां की तकलीफों के बारे में जिक्र करते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें बड़ी तकलीफ हुई, जब उन्होंने जाना कि मोदी की मां आठ गुणा आठ के कमरे में रहती हैं।
इस सियासी घमासान के बीच कांग्रेसी नेता राशिद अल्वी का पत्र राजनीतिक कदम माना जा रहा है। अब देखना है कि मोदी इस पर क्या जवाब देते हैं।