यूपीए सरकार में तीसरे नंबर की हैसियत रखने वाले वित्त मंत्री पी चिदंबरम आखिरकार चुनावी मैदान से हट गए हैं। उनकी संसदीय सीट शिवगंगा से उनके बेटे कार्तिक पी चिदंबरम को उम्मीदवार बनाया गया है। कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को 50 उम्मीदवारों की चौथी सूची जारी कर दी।
राहुल गांधी ने हालांकि कई और दिग्गजों को चुनाव मैदान में उतारा है। जम्मू-कश्मीर की सीट से मौजूदा सांसद लाल सिंह की जगह स्वास्थ्य मंत्री गुलाम नबी आजाद को टिकट दिया गया है। मणिशंकर अय्यर को तमिलनाडु की मईलादुत्तुरई सीट पर चुनाव लड़ेंगे।
विदिशा में भाजपा की सुषमा स्वराज से दिग्विजय सिंह के छोटे भाई लक्ष्मण सिंह लोहा लेंगे। वह हाल ही में भाजपा से कांग्रेस में शामिल हुए हैं। जबकि गुजरात की गांधीनगर सीट पर भाजपा के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी को किरिट पटेल चुनौती देंगे।
दिल्ली में मौजूदा सांसदों पर जताया भरोसा
राजधानी दिल्ली की बची दोनों सीटों पर भी पार्टी हाईकमान ने मौजूदा सांसदों पर ही भरोसा जताया है। दक्षिणी दिल्ली से रमेश कुमार तो पश्चिमी दिल्ली से महाबल मिश्रा फिर से उम्मीदवार बने हैं। हालांकि बनारस सीट से नरेंद्र मोदी के खिलाफ अभी उम्मीदवार की घोषणा नहीं की गई है।
उत्तर प्रदेश की तीन सीटों संभल से आचार्य प्रमोद कृष्णम, फिरोजाबाद से अतुल चतुर्वेदी, चंदौली से सतीश बिंद को उम्मीदवार बनाया गया है। कश्मीर में लद्दाख से टीसेरिंग शैंम्फल और जम्मू से मदन लाल शर्मा को उम्मीदवार बनाया गया है।
उत्तर प्रदेश में भाजपा और नरेंद्र मोदी के हिंदू कार्ड को रोकने की कोशिशों के तहत स्थानीय कल्कि पीठ के प्रमुख आचार्य प्रमोद को चुनावी मैदान में उतारने का दांव कांग्रेस ने चला है।
बिहार के तीन सीटों पर उम्मीदवार बदले
गुलाम नबी और मणिशंकर अभी राज्यसभा से सांसद हैं। वहीं उधमपुर से मौजूदा सांसद लाल सिंह को विधान परिषद में भेजे जाने की बात कही गई है। कांग्रेस महासचिव मधुसूदन मिस्त्री ने कहा कि उनका नाम विधान परिषद के लिए विचार किया जा रहा है।
चौथी सूची के जारी होने के बाद अब तक पार्टी ने 370 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। बिहार की तीनों सीटों पर पार्टी ने उम्मीदवार बदले हैं। गोपालगंज से पूर्णमासी राम, हाजीपुर से संजीव प्रसाद टोनी और पटना साहिब से कुनाल सिंह को टिकट दिया गया है।
तमिलनाडु के ही विरुद्ध नगर से राहुल गांधी की टीम के सदस्य सांसद माणिक टैगोर को फिर से मैदान में उतारा गया है।