कांग्रेस ने बिहार चुनावों के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पसंदीदा कार्यक्रम 'मन की बात' पर रोक लगाने की मांग की है। कांग्रेस ने कहा है कि जब तक बिहार में चुनाव खत्म नहीं हो जाता, 'मन की बात' कार्यक्रम पर प्रतिबंध लगा दिया जाना चाहिए। कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने कहा है कि उनकी पार्टी इस संबंध में चुनाव आयोग से हस्तक्षेप करने को कहेगी।
उल्लेखनीय है बिहार में अगले महीने से विधानसभा चुनावों के लिए मतदान शुरु हो जाएगा। कांग्रेस का दावा है कि प्रधानमंत्री 'मन की बात' कार्यक्रम का दुरुपयोग कर सकते हैं और बिहार चुनावों में मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए ऑल इंडिया रेडियो का इस्तेमाल कर सकते हैं।
कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री अपने दफ्तर और सरकारी संसाधनों का लगातार दुरूपयोग कर रहे हैं, कांग्रेस और उसके सहयोगियों को इस पर घोर आपत्ति है। कांग्रेस इस संबंध में चुनाव आयोग से हस्तक्षेप करने को कहेगी।